Agra News: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद क्षेत्र में सोमवार तड़के तीन ट्रकों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बीच वाले ट्रक के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य चालक घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया है।
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में फतेहाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन (किलोमीटर संख्या) 22.300 पर रात करीब 2:30 बजे आगे-पीछे चल रहे तीन ट्रकों की आपस में भीषण टक्कर हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों वाहन लखनऊ की तरफ से आगरा की दिशा में जा रहे थे।
बीच वाले ट्रक के चालक की मौके पर मौत
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त तीनों ट्रकों में बीच वाले ट्रक के चालक राजीव (पुत्र नरपाल) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक राजीव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के थाना महोली अंतर्गत ग्राम चडरा लालपुर के निवासी थे। हादसे के तुरंत बाद सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और राहत दल ने एंबुलेंस की मदद से शव को आगरा के मोर्चरी हाउस (पोस्टमार्टम गृह) पहुंचाया।
दो अन्य ट्रकों के चालक घायल, एक की हालत नाजुक
इस हादसे में सबसे आगे चल रहे ट्रक के चालक राजेंद्र निवासी सेरी खुर्द (जिला भरतपुर, राजस्थान) भी घायल हो गए। उन्हें उनके भाई एवं सहचालक रवि के साथ प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहाबाद भेजा गया।
वहीं सबसे पीछे चल रहे तीसरे ट्रक के चालक सोनाराम निवासी दारासर (थाना चौहटन, जिला बाड़मेर, राजस्थान) गंभीर रूप से घायल हो गए। सोनाराम को गंभीर स्थिति में निजी एंबुलेंस की सहायता से आगरा स्थित श्रीहरि अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटवाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात को सुचारु कराया।