Chennai News: तमिलनाडु की राजनीति में उस वक्त नया विवाद खड़ा हो गया जब डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन की एक टिप्पणी का वीडियो वायरल हुआ। तंजावुर में कावेरी मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर कथित तौर पर दोहरे अर्थ वाली टिप्पणी की।
विपक्षी दल तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) और भारतीय जनता पार्टी ने इसे महिलाओं का घोर अपमान बताया है। TVK विधायक रेवंत चरण ने इस बयान की तीखी आलोचना करते हुए इसे बेहद घिनौना करार दिया और डीएमके नेता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है|
कावेरी रैली में नारों के बाद दिया विवादित बयान
कावेरी जल विवाद पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए उदयनिधि स्टालिन मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर निशाना साध रहे थे। इसी बीच भीड़ में से “त्रिशा, त्रिशा” के नारे लगने लगे। नारे सुनकर उदयनिधि रुके और मुस्कुराते हुए एक ऐसी टिप्पणी कर बैठे, जिसे लोगों ने इशारेबाजी के रूप में लिया।
उदयनिधि ने कहा कि पानी कहीं पहुंचे या न पहुंचे, वहां तो पहुंचना ही चाहिए और फिर मुस्कुराकर बात कावेरी पर मोड़ दी। TVK विधायक ने आरोप लगाया कि डीएमके का विरोध प्रदर्शन विफल रहा, जिसके बाद ध्यान खींचने के लिए ऐसी ओछी बयानबाजी का सहारा लिया जा रहा है ।
बीजेपी ने की गिरफ्तारी की मांग
तमिलनाडु बीजेपी के प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने भी इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे अश्लील और शर्मनाक बताया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की चुप्पी पर सवाल उठाए और उदयनिधि की गिरफ्तारी की मांग की। बीजेपी का कहना है कि कानूनी कार्रवाई से मुख्यमंत्री विजय की साख और बढ़ेगी।
यह पूरा राजनीतिक विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब तमिलनाडु सरकार ने कर्नाटक के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। सरकार का आरोप है कि पड़ोस का राज्य कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों के बावजूद तमिलनाडु के हिस्से का पानी जारी नहीं कर रहा है।