Yadadri Bhuvanagiri News: तेलंगाना के यदाद्रि भुवनगिरी जिले में एक फार्मास्युटिकल कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में भीषण हादसा सामने आया है। यहां देर रात रिएक्टर फटने से दो कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस ब्लास्ट में नौ अन्य वर्कर घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
शिफ्ट बदलने के दौरान हुआ तेज धमाका
पुलिस के अनुसार यह दर्दनाक घटना शुक्रवार देर रात पोचमपल्ली मंडल स्थित फार्मा प्लांट में हुई। उस समय कर्मचारी अपनी नाइट शिफ्ट बदल रहे थे, तभी अचानक यूनिट के रिएक्टर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही लोकल पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और घायलों को बाहर निकाला। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दो गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारियों समेत सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक घायलों में से दो वर्कर पचास फीसदी से ज्यादा जल चुके हैं, जबकि सात लोगों को मामूली चोटें आई हैं। फायर ब्रिगेड ने आग को पूरी तरह बुझा दिया है। स्थानीय पुलिस ने इस गंभीर इंडस्ट्रियल एक्सीडेंट को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी जांच शुरू कर दी है।
