असंगठित क्षेत्र में सितंबर तिमाही में रिकॉर्ड तेजी, स्वरोजगार बढ़ा पर वेतन वाली नौकरियों में सुस्ती

Share

- Advertisement -

National News: देश के असंगठित गैर-कृषि क्षेत्र में जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान प्रतिष्ठानों की संख्या सालाना आधार पर 18.81 प्रतिशत बढ़कर 9.47 करोड़ हो गई। इस दौरान कुल रोजगार 16.86 प्रतिशत बढ़कर 15.03 करोड़ हो गया। यह वृद्धि तिमाही श्रृंखला में अब तक की सबसे अधिक है।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के वार्षिक असंगठित क्षेत्र उद्यम सर्वेक्षण (एएसयूएसई) के नवीनतम तिमाही बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है। हालांकि, इस दौरान रोजगार में हुई तेज वृद्धि का बड़ा हिस्सा स्वरोजगार से आया, जबकि वेतन पर काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या में अपेक्षाकृत कम वृद्धि हुई।

स्वरोजगार का हिस्सा बढ़ा, वेतनभोगियों का घटा

रोजगार की संरचना में स्वरोजगार का हिस्सा बढ़ा है। कुल कार्यबल में खुद अपने प्रतिष्ठानों में काम करने वाले मालिकों की हिस्सेदारी बढ़कर 61.99 प्रतिशत हो गई, जो एक साल पहले 59.98 प्रतिशत थी। इसके विपरीत, वेतन पर काम करने वाले कर्मचारियों की हिस्सेदारी घटकर 23.22 प्रतिशत रह गई। तिमाही के दौरान वेतनभोगी कर्मचारियों की संख्या करीब पांच प्रतिशत बढ़कर 3.49 करोड़ हो गई, जबकि अपने प्रतिष्ठानों में काम करने वाले मालिकों की संख्या में करीब 21 प्रतिशत वृद्धि हुई। इन आंकड़ों से पता चलता है कि छोटे कारोबारों के विस्तार का लाभ मुख्य रूप से स्वरोजगार के रूप में सामने आया है और इससे नियमित वेतन वाली नौकरियों में उतनी वृद्धि नहीं हुई है।

ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों में प्रतिष्ठानों की संख्या बढ़ी। शहरी क्षेत्रों में इनकी संख्या सालाना आधार पर 22.05 प्रतिशत बढ़ी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में वृद्धि दर 16.05 प्रतिशत रही। हालांकि, रोजगार वृद्धि ग्रामीण क्षेत्रों में 17.52 प्रतिशत रही, जो शहरी क्षेत्रों के 16.30 प्रतिशत से अधिक है।

सेवा क्षेत्र में सबसे तेज वृद्धि

सर्वेक्षण में शामिल तीन व्यापक क्षेत्रों में से सेवा क्षेत्र में सबसे तेज वृद्धि दर्ज की गई। ‘अन्य सेवाएं’ श्रेणी में प्रतिष्ठानों की संख्या 29 प्रतिशत और रोजगार 33 प्रतिशत से अधिक बढ़ा। व्यापार क्षेत्र में प्रतिष्ठानों की संख्या 11.70 प्रतिशत और रोजगार 8.36 प्रतिशत बढ़ा। विनिर्माण क्षेत्र में प्रतिष्ठानों की संख्या 10.55 प्रतिशत बढ़ी, जबकि रोजगार में 3.52 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

कुल कार्यबल में महिलाओं की हिस्सेदारी भी बढ़कर 31 प्रतिशत से कुछ अधिक हो गई, जो एक साल पहले 28.70 प्रतिशत थी। सर्वेक्षण के मुताबिक, कम-से-कम एक सरकारी या अन्य प्राधिकरण के पास पंजीकृत प्रतिष्ठानों की हिस्सेदारी बढ़कर 43.28 प्रतिशत हो गई, जो एक साल पहले 37.20 प्रतिशत थी। करीब 80 प्रतिशत प्रतिष्ठानों ने नकदरहित भुगतान माध्यमों और लगभग 84 प्रतिशत ने कारोबार के लिए इंटरनेट के इस्तेमाल की जानकारी दी। हालांकि, एनएसओ ने कहा है कि प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से जुड़े सवालों में इस बार बदलाव किए गए हैं। इसलिए इन आंकड़ों की पिछली अवधियों से तुलना करते समय सावधानी बरतने की जरूरत है।

यह सर्वेक्षण असंगठित विनिर्माण, व्यापार और सेवा क्षेत्र के प्रतिष्ठानों को शामिल करता है, लेकिन निर्माण क्षेत्र को इसमें शामिल नहीं किया गया है। नवीनतम अनुमान 6,002 सर्वेक्षण इकाइयों में फैले 1,80,025 प्रतिष्ठानों के तिमाही नमूने पर आधारित हैं। यह नमूना वार्षिक सर्वेक्षण में इस्तेमाल किए जाने वाले नमूने की तुलना में काफी छोटा है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News