कमर से पैर तक फैलता दर्द साइटिका का संकेत हो सकता है, जानें लक्षण और बचाव

Share

- Advertisement -

New Delhi News: कमर से कूल्हे और पैर तक फैलने वाला दर्द साइटिका का संकेत हो सकता है। यह दर्द साइटिक नर्व पर दबाव के कारण होता है, जिसमें दर्द के साथ झनझनाहट और सुन्नपन भी महसूस हो सकता है। स्लिप डिस्क इसका एक प्रमुख कारण है। लंबे समय तक बैठकर काम करना और गलत पोश्चर इस समस्या को बढ़ा सकते हैं।

लाइफस्टाइल और खानपान की गड़बड़ी का हमारे संपूर्ण स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर देखा जा रहा है। व्यायाम की कमी, सेडेंटरी लाइफस्टाइल और ऑफिस में घंटों एक ही जगह पर बैठे रहने की आदत के चलते कमर-पीठ और पैरों में दर्द की समस्याएं बहुत आम हो गई हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं कि लंबे समय तक बैठकर काम करते रहना, शारीरिक गतिविधियों की कमी और गलत पोश्चर के कारण कमर से लेकर पैरों में दर्द की समस्या बढ़ जाती है।

साइटिका क्या है

क्लीवलैंड क्लिनिक की रिपोर्ट से पता चलता है कि साइटिका शरीर की सबसे बड़ी नस (साइटिक नर्व) पर दबाव के कारण होने वाला दर्द है। इसका दर्द कमर के निचले हिस्से से शुरू होकर कूल्हे और पैर तक फैल जाता है। ज्यादातर मामलों में यह एक तरफ के पैर को प्रभावित करता है। साइटिक नर्व शरीर की सबसे लंबी नसों में से एक है, जो कमर के निचले हिस्से से होते हुए कूल्हे और पैरों तक जाती है। जब इस नस पर दबाव पड़ता है या इसमें जलन होती है, तो दर्द कमर से पैर तक फैल सकता है। हालांकि हर तरह का कमर दर्द साइटिका नहीं होता। वैसे तो साइटिका की समस्या समय के साथ ठीक हो जाती है, पर कुछ गंभीर स्थितियों में इसे ठीक करने के लिए सर्जरी तक की जरूरत हो सकती है।

आखिर क्यों होती है साइटिका की दिक्कत

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं कि लाइफस्टाइल और पोश्चर की समस्याओं के कारण ऐसी स्थितियां हो सकती हैं, जिनके कारण नसों पर दबाव बढ़ने लगता है। रीढ़ की हड्डियों के बीच मौजूद डिस्क का बाहर की तरफ उभरना नस पर दबाव डाल सकता है। स्पाइनल स्टेनोसिस की समस्या के कारण रीढ़ की नलिका के संकरी होने से नसों पर दबाव पड़ सकता है। उम्र के साथ रीढ़ की हड्डियों में होने वाले बदलाव के कारण भी कुछ लोगों की नसें प्रभावित हो सकती हैं, जिसके कारण साइटिका का दर्द बढ़ने लग जाता है।

कहीं आपको भी तो नहीं है ये समस्या

साइटिका की समस्या के कारण कमर में होने वाला दर्द कूल्हों से होते हुए पैरों तक फैलने लगता है। पैर में जलन या बिजली के झटके जैसा दर्द होता है। पैरों या पंजों में झनझनाहट महसूस होती रहती है। खांसने, छींकने या कुछ गतिविधियों के दौरान ये दर्द बढ़ सकता है। आमतौर पर साइटिका का दर्द शरीर के एक तरफ ज्यादा महसूस होता है।

अगर आपको भी कुछ समय से कमर से होकर दर्द पैरों तक फैल रहा है तो इस बारे में तुरंत डॉक्टर से मिलकर जांच करा लें। साइटिका की समस्या कुछ स्थितियों में गंभीर समस्याओं को बढ़ाने वाली भी हो सकती है। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं तो बिस्तर पर आराम करने के बजाय अपनी क्षमता के अनुसार हल्की गतिविधियां जारी रखें। फिजियोथेरेपी, डॉक्टर की सलाह से व्यायाम और दर्द नियंत्रित करने वाली दवाओं से राहत मिल सकती है। हालांकि अगर दोनों पैरों में कमजोरी या सुन्नपन बढ़ रहा हो या पेशाब-मल पर नियंत्रण में परेशानी होने लगे, तो तुरंत इमरजेंसी इलाज जरूरी हो जाता है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News