Purba Bardhaman News: पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले में दामोदर नदी में नहाने के दौरान डूबे 19 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र रिपम दास का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। काशपुर के पास मछली पकड़ रहे एक मछुआरे के जाल में छात्र का शव फंसा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले के गलसी थाना क्षेत्र में दामोदर नदी में डूबे एक इंजीनियरिंग छात्र का शव बरामद होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान बोलपुर निवासी 19 वर्षीय रिपम दास के रूप में हुई है। रिपम रविवार दोपहर अपने चार दोस्तों—सजल दास, कार्तिक सेन, निताई दास और गौरव रक्षित के साथ गलसी के शिल्लाघाट पर दामोदर नदी में नहाने गया हुआ था।
नहाते समय गहरे पानी में डूबने से हुआ हादसा
नदी में नहाने के दौरान रिपम अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते तेज बहाव में डूबकर लापता हो गया। उसके साथ मौजूद चारों साथी इस हादसे में बाल-बाल बच गए। साथी के डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और गलसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रविवार दोपहर से ही नदी में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका था।
घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर जाल में फंसा मिला शव
सोमवार सुबह काशपुर के समीप एक स्थानीय मछुआरा दामोदर नदी में मछली पकड़ने के लिए जाल डाल रहा था। जाल खींचते समय मछलियों के बजाय उसमें एक युवक का शव फंसा देखकर मछुआरा सन्न रह गया। सूचना पर गलसी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। शिनाख्त करने पर शव रविवार को लापता हुए छात्र रिपम दास का निकला, जो घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बहकर आ गया था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बर्दवान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है।
परिजनों में शोक की लहर, विधायक ने दी आर्थिक मदद
छात्र की मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद गलसी के स्थानीय विधायक राजू पात्र ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। विधायक के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि रिंटू राय और जयंती पात्र ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और तात्कालिक सहायता के तौर पर 10 हजार रुपये का चेक सौंपा। पुलिस ने इस संबंध में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।