Bengaluru News: कर्नाटका की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के मोबाइल फोन से बड़ा खुलासा हुआ है। सीसीबी जांच के दौरान उनके कथित इस्तेमाल वाले फोन में 80 से 90 से अधिक अश्लील वीडियो मिले हैं। इस खुलासे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
छापेमारी के दौरान बरामद हुआ था मोबाइल और पेनड्राइव
सेंट्रल क्राइम ब्रांच की टीम ने जेल में हाई-प्रोफाइल कैदियों की तलाशी के दौरान यह कार्रवाई की। इस दौरान रेवन्ना की बैरक से एक स्मार्टफोन, चार्जर और पेनड्राइव जब्त किया गया था। फोन से मिले डेटा की पड़ताल के दौरान भारी संख्या में आपत्तिजनक सामग्री और तस्वीरें पाई गई हैं।
सुरक्षा में चूक पर असिस्टेंट सुपरिनटेंडेंट सस्पेंड
जेल परिसर के भीतर प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पहुंचने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में जेल के असिस्टेंट सुपरिनटेंडेंट को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह फोन अंदर कैसे पहुंचाया गया।
यौन शोषण के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं रेवन्ना
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना अगस्त 2025 से उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। अदालत ने उन्हें यौन उत्पीड़न, वॉयरिज्म और सबूत मिटाने के गंभीर आरोपों में दोषी ठहराया था। 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उनसे जुड़े आपत्तिजनक वीडियो सामने आए थे।