Ranchi News: झारखंड के गिरिडीह, दुमका और लातेहार जिलों में मंगलवार को आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से भीषण हादसा हो गया। इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आने से कम से कम 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
गिरिडीह जिले में सबसे ज्यादा नौ लोगों ने गंवाई जान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुल 14 मृतकों में से नौ लोग गिरिडीह, तीन दुमका और दो लातेहार जिले के रहने वाले थे। खोरीमहुआ के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि देवरी थाना क्षेत्र में ही पांच लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हुए। ये लोग खेल खत्म होने के बाद एक जगह बैठे थे।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि देवरी में मृत चार युवाओं की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच थी। इसके अलावा गावां और नौडीहा थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो अन्य लोगों की जान चली गई। वहीं गिरिडीह के बगोदर पुलिस थाना क्षेत्र में भी एक व्यक्ति की मौत दर्ज की गई।
गावां में धान रोपाई कर रही महिला की मौत, बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
गावां थाना क्षेत्र के पटना चौक स्थित भेलवा मुख्य पथ पर एक बेहद मार्मिक घटना घटी। यहां 35 वर्षीय पूनम देवी खेत में धान रोपाई का काम करने के बाद बरगद के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन कर रही थीं। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका के तीन छोटे बच्चे अपनी मां के शव के पास बैठकर बिलखते नजर आए, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका का पति दिल्ली में मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
दुमका और लातेहार जिलों में भी हुआ भारी नुकसान
दुमका जिले के रामगढ़ ब्लॉक में भी आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। यहां बिजली की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरी ओर, लातेहार जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भी वज्रपात के कारण दो लोगों की जान चली गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने सभी प्रभावित इलाकों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।