Goa News: गोवा के मोपा स्थित मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। टेक-ऑफ के तुरंत बाद तकनीकी खराबी आने के कारण विमान को वापस एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। विमान में सवार सभी 229 पैसेंजर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं।
इंजन में खराबी के बाद पायलटों ने लिया फैसला
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक फ्लाइट ने सुबह करीब 9:28 बजे उड़ान भरी थी। इसके कुछ ही मिनटों बाद विमान के इंजन में खराबी का अलर्ट मिला। पायलटों ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का पालन करते हुए एटीसी को सूचित किया और विमान को सुरक्षित रूप से वापस मोपा एयरपोर्ट पर लैंड करा दिया।
इंडिगो एयरलाइन ने बयान जारी कर पुष्टि की है कि तकनीकी खामी का पता चलते ही जरूरी प्रोटोकॉल का पालन किया गया। यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए एयरपोर्ट पर रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई। इसके अलावा दिल्ली की यात्रा पूरी कराने के लिए दूसरे अल्टरनेटिव फ्लाइट के इंतजाम किए गए हैं।
विमान की मेंटेनेंस जांच जारी, सुरक्षा पहली प्राथमिकता
एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि प्रभावित विमान की मेंटेनेंस जांच चल रही है और सभी जरूरी अप्रूवल मिलने के बाद ही इसे दोबारा ऑपरेशन में शामिल किया जाएगा। कंपनी ने कहा कि पैसेंजर्स, क्रू मेंबर्स और विमान की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिससे कोई समझौता नहीं किया जाता।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले 19 अगस्त को भी दिल्ली से गोरखपुर जा रही इंडिगो फ्लाइट में लैंडिंग के दौरान गो-अराउंड प्रक्रिया अपनाई गई थी। उस दौरान नियमित जांच में विमान के टेल सेक्शन में मामूली खरोंचें मिली थीं, जिसके बाद मेंटेनेंस टीम ने जरूरी मरम्मत और जांच पूरी की थी।