Srinagar News: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर में प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारी पर कथित तौर पर हमला करने के आरोप में पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती को समन भेजा है। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा पर आरोप है कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी से मारपीट की और उसे घायल कर दिया।
लाल चौक की तरफ बढ़ने के दौरान हुई हाथापाई
अनुच्छेद 370 हटने के सालों पूरे होने पर 4 अगस्त को महबूबा और इल्तिजा मुफ्ती के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने रेजीडेंसी रोड जाम कर लाल चौक की ओर बढ़ने की कोशिश की और बैरिकेड्स तोड़े। इसी दौरान पुलिस और नेताओं के बीच झड़प हुई।
पुलिस का दावा है कि हाथापाई में इल्तिजा ने एक अधिकारी से मारपीट की और उनके हाथ पर काट लिया, जिससे अधिकारी घायल हो गया। पुलिस ने लोक सेवक पर हमले और काम में बाधा डालने के आरोप में कोठीबाग थाने में एफआईआर दर्ज की है। जांच के सिलसिले में इल्तिजा को थाने में पेश होने का आदेश मिला है।
पीडीपी का पलटवार, महबूबा पर तिरंगे के अपमान का आरोप
पीडीपी ने पुलिस के सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। पार्टी के अनुसार प्रदर्शन के दौरान पुलिसिया कार्रवाई में चोटिल होने के बाद इल्तिजा मुफ्ती का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जारी वीडियो में इल्तिजा महिला पुलिस अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाती हुई नजर आ रही हैं।
उधर महबूबा मुफ्ती के खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने की शिकायत दर्ज कराई गई है। सामाजिक कार्यकर्ता नीरज शर्मा ने पक्का डंगा थाने में शिकायत दी कि प्रदर्शन के दौरान महबूबा ने राष्ट्रीय ध्वज को उल्टा पकड़ा हुआ था। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस घटना से देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं।