पानीपत के बापौली में बच्चों के विवाद पर दो परिवारों में खूनी संघर्ष, 14 लोगों पर लाठी-डंडों व हथियारों से हमले का केस दर्ज

Share

- Advertisement -

Panipat News: पानीपत जिले के गांव बापौली में बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। घर के बाहर बैठे एक परिवार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें महिला सहित परिवार के कई लोग घायल हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बापौली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर 14 नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

गांव बापौली के कुम्हार मोहल्ला में बच्चों के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 2 नवंबर को स्कूल से लौटते समय बच्चों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद शाम करीब चार बजे दूसरे पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर घर के बाहर बैठे परिवार पर धावा बोल दिया। हमले में घायल अंकुर ने अपने भाई, माता-पिता और भाभी के साथ बेरहमी से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से किया हमला

शिकायतकर्ता अंकुर के अनुसार, वह शाम को अपने भाई टिक्कू, पिता लख्मीचंद और मां शीला के साथ गली में बैठे थे। तभी रामकिशन, सुभाष, सुरेंद्र, कमल और रामशरण सहित अन्य लोग हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे और हमला कर दिया।

आरोप है कि सुरेंद्र ने कुल्हाड़ी/कुवाड़िया से सिर पर वार किया, कमल ने चाकू और सुभाष ने गंडासी से हमला किया। वहीं अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडों से भाई टिक्कू और बीच-बचाव करने आई भाई की पत्नी अंशु सहित माता-पिता को बुरी तरह पीटा। रास्ते से भागने का प्रयास करने पर आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया और जान से मारने की धमकी दी।

सिविल अस्पताल में कराया उपचार, 14 पर प्राथमिकी

हमले में गंभीर चोटें आने के बाद परिजनों ने अंकुर को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल पानीपत में भर्ती कराया। उपचार के उपरांत अंकुर ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी।

बापौली थाना पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 नवंबर को 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। नामजद आरोपियों में रामकिशन, सुभाष, सुरेंद्र, कमल, रामशरण, राजबीर, लाला, अमन, कृष्णा, सोनिया, परमिला, रजो, दूसरी सोनिया और लाला की पत्नी शामिल हैं।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 190, 191(3) और 351(3) के तहत मामला पंजीकृत किया है। मामले की तफ्तीश एएसआई सतीश को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News