गुरुग्राम में साइबर ठगों का जाल, तीन लोगों से 11.66 लाख रुपये की धोखाधड़ी; साइबर थाना ईस्ट में दर्ज हुए मामले

Share

- Advertisement -

Gurugram News: साइबर सिटी गुरुग्राम में ऑनलाइन ठगी के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। साइबर थाना ईस्ट की पुलिस ने अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर करीब 11 लाख 66 हजार रुपये ट्रांसफर करवाने के संबंध में तीन नए केस दर्ज किए हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और बैंक लेन-देन के आधार पर अज्ञात जालसाजों की तलाश में जुटी है।

साइबर ठगों द्वारा लोगों को विभिन्न प्रलोभन और हथकंडे अपनाकर बैंक खाते खाली करने का सिलसिला जारी है। गुरुग्राम पुलिस ने हाल ही में बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले कुछ गुर्गों को तो दबोचा है, लेकिन मुख्य गिरोह तक पहुंचना अभी भी पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। इसी बीच साइबर क्राइम थाना ईस्ट में ठगी की तीन अलग-अलग घटनाओं में कुल 11 लाख 66 हजार रुपये हड़पने के मामले सामने आए हैं।

अलग-अलग मामलों में 11.66 लाख रुपये की ठगी

पहला मामला सुशांत लोक का है, जहां वीरेंद्र कुमार गुलाटी के साथ अज्ञात जालसाजों ने 18 अक्टूबर को ऑनलाइन संपर्क किया। शातिरों ने अलग-अलग हथकंडों का इस्तेमाल कर उनके बैंक खाते से 7 लाख 19 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

दूसरी घटना सेक्टर-47 निवासी नितीश कपूर के साथ घटी। 31 अक्टूबर को ठगों ने उन्हें अपने जाल में फंसाकर खाते से 2 लाख 932 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह रकम किन बैंक खातों और डिजिटल वॉलेट्स में ट्रांसफर की गई है।

तीसरा मामला डीएलएफ फेज-चार का है। यहां के निवासी गोपे अस्सुदनी को 2 नवंबर को अज्ञात साइबर अपराधियों ने अपना शिकार बनाया। आरोपियों ने डिजिटल माध्यम से झांसा देकर उनके बैंक खाते से 2 लाख 39 हजार 61 रुपये की निकासी कर ली।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज

तीनों मामलों में पीड़ितों की शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना ईस्ट पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस की तकनीकी शाखा और साइबर सेल लेन-देन से जुड़े आईपी एड्रेस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स और लाभान्वित बैंक खातों के विवरण खंगालकर आरोपियों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News