Chandigarh News: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने हरियाणा में मानसून की गतिविधियों को लेकर नया अपडेट जारी किया है। राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है, जिससे अगले 24 से 48 घंटों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्वी हरियाणा के पांच जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं ।
पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके विपरीत हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, दादरी और भिवानी में मौसम शुष्क रहेगा। सिरसा 38.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहा ।
किसानों के लिए एडवाइजरी और सुरक्षा के निर्देश
मौसम विभाग के अनुसार अगले 4-5 दिनों तक राज्य के उत्तरी और पूर्वी इलाकों में मानसूनी गतिविधियां काफी मजबूत रहेंगी। इसके बाद पश्चिमी जिलों में भी बारिश का दायरा धीरे-धीरे बढ़ेगा, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है ।
जिन इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं, वहां किसानों को फसलों में अतिरिक्त सिंचाई रोकने की सलाह दी गई है। साथ ही खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है ताकि फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।
खराब मौसम, तेज हवाओं और बिजली चमकने के दौरान लोगों को खुले स्थानों, बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की हिदायत दी गई है। सुरक्षित स्थानों पर रहकर ही मौसम के साफ होने का इंतजार करने को कहा गया है।