Chandigarh News: हरियाणा सरकार प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए बड़ी छूट देने की तैयारी कर रही है। अब 30 लाख रुपये तक के ई-वाहनों की खरीद पर रजिस्ट्रेशन फीस और रोड टैक्स पूरी तरह माफ किया जाएगा। परिवहन विभाग ने इस योजना का ड्राफ्ट तैयार कर लिया है।
चंडीगढ़ और दिल्ली की तर्ज पर 100 फीसदी मिलेगी छूट
पड़ोसी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की तरह हरियाणा में भी ई-वाहनों का रजिस्ट्रेशन पूरी तरह फ्री होगा। इससे पहले राज्य में केवल 20 फीसदी की छूट दी जाती थी। इस नए प्रस्ताव पर 28 जुलाई को होने वाली हरियाणा कैबिनेट की बैठक में मुहर लगने की संभावना है।
टू-व्हीलर से लेकर फोर-व्हीलर तक पर नहीं लगेगा शुल्क
कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद हरियाणा के लोगों को दोपहिया, तीन-पहिया और चार-पहिया इलेक्ट्रिक वाहनों के रजिस्ट्रेशन पर कोई शुल्क नहीं देना होगा। इससे राज्य में प्रदूषण कम करने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने की दिशा में काफी मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पड़ोसी राज्यों की बेहतर ई-वी पॉलिसी के कारण लिया फैसला
दरअसल चंडीगढ़ में ई-वी पॉलिसी लागू होने के बाद हरियाणा के कई लोग वहां से रजिस्ट्रेशन करा रहे थे। इससे हरियाणा सरकार पर दबाव बढ़ा। बजट के दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने ई-वाहनों पर छूट बढ़ाने का वादा किया था। आम वाहनों के रजिस्ट्रेशन पर महिलाओं को 1 फीसदी छूट मिल सकती है।