बल्लभगढ़ के होटल में महिला की साड़ी से गला घोंटकर हत्या, खर्चे के विवाद में वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद जिले में बल्लभगढ़ की चावला कॉलोनी स्थित एक होटल में महिला की हत्या की गुत्थी को अपराध शाखा (DLF) ने सुलझा लिया है। पुलिस ने आरोपी शिव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि खर्चे के पैसे मांगने पर हुए विवाद के बाद आरोपी ने महिला का हाथों और साड़ी से गला घोंटकर हत्या की थी और फर्जी आईडी का इस्तेमाल कर फरार हो गया था।

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित चावला कॉलोनी के एक निजी होटल में 31 अक्टूबर को हुई महिला की हत्या के मामले में अपराध शाखा डीएलएफ ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान शिव कुमार के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर 2 नवंबर को दबोचा।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे आरोपी और महिला ने चावला कॉलोनी स्थित होटल में कमरा लिया था। दोपहर करीब 2 बजे आरोपी बाहर से खाना लाने का बहाना बनाकर होटल से निकला और फरार हो गया। रात करीब साढ़े 9 बजे जब होटल का सफाई कर्मचारी कमरे में पहुंचा, तो महिला का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। होटल संचालक की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया, जिसकी जांच बाद में डीएलएफ क्राइम ब्रांच को सौंपी गई।

खर्चे के पैसे मांगने पर हुआ था विवाद

क्राइम ब्रांच की पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसकी और मृतका की पहचान करीब दो साल पहले हुई थी। दोनों सीकरी क्षेत्र में एक ही इमारत में ऊपर-नीचे किराए पर रहते थे। 31 अक्टूबर को होटल के कमरे में महिला ने उससे घरेलू खर्चे के लिए रुपयों की मांग की। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर तैश में आकर आरोपी ने पहले अपने हाथों से महिला का गला दबाया और फिर उसकी ही साड़ी से फंदा लगाकर हत्या कर दी।

पहचान छिपाने के लिए इस्तेमाल की थी दूसरे की आईडी

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने होटल प्रबंधन को गुमराह करने और अपनी असल पहचान छिपाने के लिए अपने गांव के एक अन्य व्यक्ति शेखर कुमार के पहचान पत्र (आईडी) का इस्तेमाल कर कमरा बुक किया था। वारदात के बाद वह फरार हो गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा सकें।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News