Sirsa News: दैनिक जागरण के ‘ट्रिपल धमाका ऑफर’ के तहत सिरसा के हुडा सेक्टर-20 निवासी ढाई वर्षीय बच्ची नव्यांशी गोस्वामी ने मेगा ड्रा में स्कोडा एसयूवी गाड़ी जीती है। शुक्रवार को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में कालांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला और अखबार के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से विजेता परिवार को गाड़ी की चाबी सौंपी।
दैनिक जागरण के लोकप्रिय ‘ट्रिपल धमाका ऑफर’ के मेगा ड्रा में सिरसा के हुडा सेक्टर-20 निवासी ढाई वर्षीय नव्यांशी गोस्वामी को प्रथम पुरस्कार के रूप में स्कोडा एसयूवी गाड़ी उपहार में मिली है। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान कालांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला, दैनिक जागरण हिसार यूनिट के वरिष्ठ महाप्रबंधक राहुल मित्तल और वरिष्ठ समाचार संपादक राकेश क्रांति ने संयुक्त रूप से विजेता परिवार को गाड़ी की चाबी भेंट की।
विधायक शीशपाल केहरवाला ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वह स्वयं दैनिक जागरण के नियमित पाठक हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ और सजग प्रहरी है। दैनिक जागरण न केवल विश्वसनीय पत्रकारिता करता है, बल्कि सामाजिक सरोकारों और गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेता है। उन्होंने सिरसा के लोगों और विशेष रूप से नन्ही नव्यांशी को देश भर में पहला बड़ा इनाम जीतने पर बधाई दी।
20 वर्षों के पाठक हंसराज ने पोती के नाम जमा किए थे कूपन
विजेता बच्ची के दादा हंसराज ने बताया कि वह पिछले 20 वर्षों से नियमित रूप से दैनिक जागरण पढ़ रहे हैं। अखबार में छपने वाले समाचार पूरी तरह वास्तविक और निष्पक्ष होते हैं। ‘ट्रिपल धमाका ऑफर’ योजना के दौरान उन्होंने सभी नियम पूरे करते हुए अखबार के कूपन भरे थे और अपनी ढाई वर्षीय पोती नव्यांशी गोस्वामी के नाम से सिरसा कार्यालय में जमा करवाए थे।
मेगा ड्रा में एसयूवी गाड़ी निकलने पर नव्यांशी के पिता नवदीप, माता सुलोचना देवी, दादी शिल्पी गिरी और भाई नकश गोस्वामी सहित पूरे परिवार ने खुशी जाहिर की है।
समाज की आवाज और सात सरोकारों को समर्पित पत्रकारिता: प्रबंधन
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने विजेता परिवार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दैनिक जागरण देश का सर्वाधिक प्रसार संख्या वाला समाचार पत्र है, जो हमेशा अपने सात राष्ट्रीय सरोकारों के प्रति निष्ठापूर्वक समर्पित रहता है। वहीं, वरिष्ठ समाचार संपादक राकेश क्रांति ने कहा कि दैनिक जागरण आमजन की वास्तविक आवाज है और अखबार सदैव सामाजिक मुद्दों व जनसरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता देता आया है।