Charkhi Dadri News: हरियाणा के चरखी दादरी स्थित कबीर नगर (वार्ड नंबर 12) में अहोई अष्टमी के दिन एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। घर में खेल रहा 14 माह का मासूम पानी से भरी बाल्टी में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय मां अपनी संतानों की लंबी उम्र के लिए रखे जाने वाले व्रत की तैयारी और घरेलू काम में व्यस्त थी। पुलिस ने मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई शुरू कर दी है।
चरखी दादरी के कबीर नगर वार्ड नंबर 12 में अहोई अष्टमी के दिन एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में खेलते समय पानी से भरी बाल्टी में गिरने से 14 माह के मासूम कौशल की दम घुटने से मौत हो गई। दो बहनों के इकलौते भाई की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्चे की मां टीनू देवी घर में सप्लाई का पानी भरने के बाद दैनिक कामकाज निपटा रही थीं। इसी दौरान 14 माह का बेटा कौशल अपनी दोनों बहनों के साथ आंगन में खेल रहा था। खेलते-खेलते मासूम पानी से भरी बाल्टी के पास चला गया और संतुलन बिगड़ने के कारण मुंह के बल बाल्टी में गिर गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
कुछ समय बाद जब बहन की नजर बाल्टी में गिरे भाई पर पड़ी, तो उसने तुरंत शोर मचाकर मां को जानकारी दी। परिजन बिना समय गंवाए मासूम को लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर (एसआई) मखन सिंह ने बताया कि बच्चे के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर इत्तेफाकिया मौत की धारा के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।