Panipat News: हरियाणा विधानसभा में 31 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले ‘महिला युवा संवाद-2026’ के लिए पानीपत की एंजल अहलावत का चयन हुआ है। राजधानी युवा संसद द्वारा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण के मार्गदर्शन में यह आयोजन किया जा रहा है। इसमें एंजल लोकतंत्र और सुशासन पर अपने विचार रखेंगी।
प्रतिष्ठित कार्यक्रम के चयन के लिए अभ्यर्थियों को बहु-स्तरीय कठिन चयन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। इसमें उद्देश्य विवरण (एसओपी) और व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल थे। सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एंजल अहलावत ने देश भर से चयनित युवा प्रतिभागियों की सूची में अपनी जगह बनाई है।
विकसित भारत और महिला-नेतृत्व वाले विकास पर रखेंगी पक्ष
एंजल को कार्यक्रम में सत्तापक्ष का पोर्टफोलियो सौंपा गया है। वह “विकसित भारत-2047 के निर्माण में महिला-नेतृत्व वाले विकास की भूमिका” विषय पर अपना वक्तव्य पेश करेंगी। वह पानीपत से शुरू हुए ऐतिहासिक ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान और नीति-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी पर भी अपनी बात रखेंगी।
एंजल अहलावत हरियाणा पुलिस के एसीपी नरेश कुमार अहलावत और डॉ. अलका अहलावत की सुपुत्री हैं। उन्होंने ब्रिटेन की सरे यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा प्राप्त की है और वहां छात्र संघ में प्रमुख पदों पर जिम्मेदारी संभाली है। उनकी इस बड़ी उपलब्धि पर परिजनों और क्षेत्रवासियों ने बेहद खुशी जताई है।