Srinagar News: नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बुधवार को सरकार से वादे पूरे करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार ने किए गए वादों को पूरा नहीं किया, तो देश में एक और बड़ा जनआंदोलन खड़ा हो सकता है, जो बड़ा बदलाव लाएगा।
फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि अगर सरकार प्राथमिकियां वापस नहीं लेती और प्रदर्शनकारियों को भोजन-पानी मुहैया कराने वालों को परेशान करना बंद नहीं करती, तो यह विरोध प्रदर्शन और उग्र रूप लेगा। बिहार में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर भी उन्होंने अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
कश्मीर में अवैध होटलों पर उपराज्यपाल की टिप्पणी का जवाब
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के उस बयान पर अब्दुल्ला ने पलटवार किया, जिसमें कश्मीर के 90 प्रतिशत नए होटलों को अवैध बताया गया था। अब्दुल्ला ने कहा कि उपराज्यपाल को स्थानीय लोगों का आभारी होना चाहिए, जिन्होंने पर्यटकों को ठहराने के लिए अपने संसाधनों से होटल बनाए हैं।
उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय पर्यटक गाड़ियों और सड़कों पर सोने को मजबूर थे। लोगों ने सरकारी नौकरी की आस छोड़कर अपने पैरों पर खड़े होकर पर्यटन को बढ़ावा दिया है। महबूबा मुफ्ती के विरोध प्रदर्शन की घोषणा पर उन्होंने कहा कि वे स्वतंत्र निर्णय ले सकती हैं।