Delhi News: ‘जेन जी’ प्रदर्शनकारियों पर विवादित बयान देने के बाद बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने अपना रुख बदल लिया है। उन्होंने अब ‘जेन जी’ की तारीफ करते हुए उन्हें भारत की सबसे बड़ी ताकत और सांस्कृतिक दूत बताया है।
कंगना का यह बयान आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के ‘जेन जी’ के समर्थन में आए बयान के बाद आया है। भागवत ने कहा था कि युवाओं की मांगों पर ध्यान दिया जाना चाहिए और उन्हें राष्ट्र-विरोधी नहीं माना जाना चाहिए।
आरएसएस प्रमुख के विचार का समर्थन और राहुल गांधी पर हमला
संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए कंगना ने कहा कि युवा हमारे देश की संपत्ति हैं। हमें मोहन भागवत जी के मार्गदर्शन और अनुभव का लाभ मिला है। यह खुशी की बात है कि देश के युवा अपनी सांस्कृतिक पहचान को अपना रहे हैं।
इसके साथ ही कंगना ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मिलने रांची न जाने पर राहुल की आलोचना की।
पुराने बयान से पूरी तरह अलग दिखा नया रुख
कंगना ने स्पष्ट किया कि गाली-गलौज करने वाले कुछ लोग पूरे ‘जेन जी’ का प्रतिनिधित्व नहीं करते। कुछ गिने-चुने युवाओं की वजह से पूरी पीढ़ी की छवि खराब हो रही है। प्रदर्शन करने वाले युवा सरकार का ही हिस्सा हैं।
इससे पहले कंगना ने प्रदर्शनकारियों की भाषा पर सवाल उठाते हुए उन्हें ‘जेनरेशन गटर’ कह दिया था। उस बयान की काफी आलोचना हुई थी। अब मोहन भागवत के बयान के बाद कंगना का यह बदला हुआ रुख चर्चा का विषय बना हुआ है।