दिल्ली एक्सपो में चमका हिमाचल: बागवानी प्रदर्शनी को मिला प्रथम पुरस्कार, सेब से लेकर विदेशी फलों तक ने बटोरा आकर्षण

Share

- Advertisement -

New Delhi News: दिल्ली में आयोजित इंडिया एग्री, ऑर्गेनिक हॉर्टी एंड टेक एक्सपो-2026 में हिमाचल प्रदेश के उद्यान विभाग के प्रदर्शनी स्टॉल को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की पारंपरिक बागवानी विरासत, जीआई टैग प्राप्त हिमाचली सेब और नई फल किस्मों की विविधता ने विशेष आकर्षण बटोरा।

विविधता और फसल विविधीकरण को मिली राष्ट्रीय पहचान

23 से 25 अक्तूबर तक आयोजित इस एक्सपो के अंतिम दिन मिला यह सम्मान हिमाचल प्रदेश के बागबानों और बागवानी क्षेत्र के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से हिमाचल की बागबानी की बदलती तस्वीर देखने को मिली, जहां पारंपरिक फसलों के साथ-साथ ब्लूबेरी, ड्रैगन फ्रूट, एवोकाडो, कीवी और सीबकथॉर्न जैसे फलों के प्रदर्शन ने यह साबित किया कि बागबान नए विकल्प अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। स्टॉल पर इन विदेशी फलों के अलावा मशरूम और विभिन्न प्रकार के मेवों को भी प्रमुखता से जगह दी गई थी।

उद्यान विभाग की टीम ने किया प्रतिनिधित्व

राष्ट्रीय स्तर के इस भव्य आयोजन में हिमाचल प्रदेश उद्यान विभाग की ओर से उपनिदेशक डॉ. बीएस नेगी, विषय वस्तु विशेषज्ञ (बागवानी) डॉ. सुरेश नेगी, उद्यान विकास अधिकारी डॉ. संतोष मेहता और डॉ. प्रवीण मेहता ने भाग लिया। स्टॉल को मिला यह प्रथम पुरस्कार प्रदेश की बागबानी क्षमता और फसल विविधीकरण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को मिली एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News