New Delhi News: भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के तहत सोमवार को भारत मंडपम में वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव तन्मय कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी सदस्य देशों ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर गहन मंथन किया।
भारत मंडपम में जुटीं ब्रिक्स हस्तियां
भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के तहत पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन पर वरिष्ठ अधिकारियों की यह महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। पर्यावरण सचिव तन्मय कुमार ने इस उच्चस्तरीय बैठक का नेतृत्व किया।
पर्यावरण चुनौतियों से निपटने पर जोर
सत्र की अध्यक्षता करते हुए पर्यावरण सचिव तन्मय कुमार ने कहा कि पिछले दो दशकों में ब्रिक्स आर्थिक सहयोग से आगे बढ़ा है। अब यह प्रदूषण, जैव विविधता के नुकसान और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर वैश्विक समस्याओं से निपटने का प्रमुख माध्यम बन चुका है। ब्रिक्स का दायरा अब संसाधन दक्षता और पर्यावरण सुधार तक फैल चुका है।
भारत की अध्यक्षता में 4 मुख्य प्राथमिकताएं
भारत ने अपनी अध्यक्षता के दौरान चार प्रमुख क्षेत्रों को प्राथमिक एजेंडे में रखा है। इनमें सतत जीवनशैली को बढ़ावा देना, वनीकरण और वनाग्नि प्रबंधन के साथ आपदा लचीलापन, सर्कुलर इकोनॉमी और जलवायु अनुकूलन शामिल हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इन सभी चुनौतियों के समाधान के लिए एक एकीकृत और समग्र दृष्टिकोण अपनाना अनिवार्य है।
सदस्य देशों के बीच हुईं 21 बैठकें
बैठक में जानकारी दी गई कि भारत की अध्यक्षता शुरू होने के बाद से सदस्य देशों के बीच 21 वर्चुअल वार्ताएं, 10 द्विपक्षीय परामर्श, दो संवाद और दो तकनीकी वेबिनार पूरे हो चुके हैं। सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने आपसी विश्वास और सहमति से फैसले लेने की प्रक्रिया के लिए भारत की सफल अध्यक्षता की खुलकर सराहना की।
आज होगी 12वीं पर्यावरण मंत्रियों की बैठक
पर्यावरण सचिव ने कहा कि जलवायु लचीलापन, पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली और सतत विकास आपस में गहराई से जुड़े विषय हैं। इन पर व्यापक सहमति बनने के बाद अब मंगलवार, 18 अगस्त को ब्रिक्स देशों के 12वें पर्यावरण मंत्रियों की उच्चस्तरीय बैठक नई दिल्ली में आयोजित होगी, जहां साझा रणनीतियों पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।