Jashpur News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर पुलिस लाइन में पुलिस विभाग द्वारा स्थापित ‘हेलमेट बैंक’ का उद्घाटन किया। सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि रोकने और सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस बैंक में 1,000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं। जरूरतमंद और अचानक यात्रा पर निकलने वाले दोपहिया वाहन चालकों को यहां से अस्थायी तौर पर हेलमेट दिए जाएंगे।
जशपुर जिले में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए जशपुर पुलिस ने ‘हेलमेट बैंक’ की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस लाइन परिसर में इस नवाचार का औपचारिक शुभारंभ किया। इस बैंक में शुरुआती तौर पर 1,000 हेलमेट का संग्रह किया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर दोपहिया वाहन चालकों को तत्काल सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराया जा सके।
सड़क सुरक्षा को दैनिक आदत बनाने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने पुलिस प्रशासन के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है और नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा का आधार है। अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में सिर की गंभीर चोटें जानलेवा साबित होती हैं, जिन्हें हेलमेट के नियमित उपयोग से काफी हद तक रोका जा सकता है। मुख्यमंत्री ने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट पहनने का आह्वान किया।
कैसे काम करेगा पुलिस का हेलमेट बैंक?
जशपुर पुलिस द्वारा संचालित इस हेलमेट बैंक की कार्यप्रणाली बेहद व्यावहारिक रखी गई है। किसी आवश्यक कार्य से अचानक निकलने वाले ऐसे चालक जिनके पास हेलमेट नहीं है, या जो तत्काल नया हेलमेट खरीदने में असमर्थ हैं, उन्हें यहां से अस्थायी रूप से हेलमेट दिया जाएगा। कार्य समाप्त होने के बाद चालक को अपना हेलमेट खरीदकर लाना होगा और बैंक से लिया गया हेलमेट वापस जमा करना होगा। इसके साथ ही उन्हें सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े एक छोटे सेवा कार्य में भी भागीदारी करनी होगी।
चालान के बदले हेलमेट रसीद दिखाने पर छूट
जिले में बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नियम उल्लंघन करने वालों के वाहन जब्त किए जाते हैं, लेकिन यदि चालक नया हेलमेट खरीदकर उसकी वैध रसीद प्रस्तुत करता है, तो बिना चालान काटे वाहन छोड़ दिया जाता है। पुलिस का लक्ष्य दंडात्मक कार्रवाई के बजाय लोगों में हेलमेट पहनने की नियमित आदत विकसित करना है।
लोकार्पण समारोह में ये रहे उपस्थित
‘हर सिर पर हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार’ के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय और जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव उपस्थित रहे।
इनके अतिरिक्त प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया, कृष्णा राय सहित सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी व नागरिक मौजूद थे।