Anantnag News: जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने की सातवीं बरसी पर अनंतनाग में निकाली गई रैली विवादों में घिर गई है। जुलूस के दौरान लगाए गए आपत्तिजनक नारों पर विपक्ष ने तीखी आपत्ति जताई है। चौतरफा घिरने के बाद बीजेपी ने इन नारों से पूरी तरह किनारा कर लिया है।
अनुच्छेद 370 निरस्त होने का मनाया जा रहा था जश्न
बुधवार को अनुच्छेद 370 हटने की सातवीं बरसी के मौके पर बीजेपी उपाध्यक्ष सोफी यूसुफ की अगुवाई में जश्न रैली निकाली गई थी। आरोप है कि इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कश्मीरी भाषा में कुछ ऐसे विवादित नारे लगाए, जिन्हें कश्मीरी महिलाओं के अपमान से जोड़कर देखा जा रहा है। वीडियो वायरल होते ही विरोध शुरू हो गया।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रवक्ता तनवीर सादिक ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि ये नारे पूरी कश्मीरी संस्कृति और महिलाओं की गरिमा का अपमान हैं। उन्होंने कहा कि जिन शब्दों का तंज कसने के लिए इस्तेमाल किया गया, वे कश्मीरी समाज में माताओं और बहनों के प्रति सम्मान के प्रतीक रहे हैं।
बीजेपी ने दी सफाई, निजी टिप्पणी बताया
चौतरफा हमले और सोशल मीडिया पर बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए बीजेपी ने औपचारिक बयान जारी किया है। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि ये नारे कुछ लोगों की निजी सोच हो सकते हैं। बीजेपी महिलाओं के सम्मान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसे बयानों का पार्टी समर्थन नहीं करती है।
घाटी में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ गई है। विपक्षी दल इसे कश्मीरियों के स्वाभिमान से जोड़कर सरकार को घेर रहे हैं। वहीं पुलिस-प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी भी तरह का तनाव न फैले।