Bengaluru News: बेंगलुरु ईस्ट सिटी कॉरपोरेशन क्षेत्र में पीजी, हॉस्टल, होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट संचालकों पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। निगम ने सुरक्षा, साफ-सफाई और फूड हाइजीन नियमों की जांच के लिए बड़े स्तर पर विशेष अभियान शुरू करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों को सात दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश
ईस्ट सिटी कॉरपोरेशन के कमिश्नर डीएस रमेश ने जांच प्रक्रिया में तेजी लाने का आदेश दिया है। इस दौरान हर प्रॉपर्टी की अलग से जांच होगी और उल्लंघन मिलने पर जियो-टैग्ड तस्वीरें ली जाएंगी। सभी टीमों को यह जांच सात दिनों के भीतर पूरी कर रिपोर्ट देनी होगी।
निगम की विशेष टीमें मुख्य रूप से गियर स्कूल रोड, न्यू हॉरिजन कॉलेज क्षेत्र और थुबाराहाल्ली पर नजर रखेंगी। इन इलाकों में बिना अनुमति चलने वाले कारोबार, स्वीकृत नक्शे के विपरीत अवैध निर्माण और बिल्डिंग में अनाधिकृत बदलाव करने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पीजी और हॉस्टल में इन जरूरी नियमों की होगी जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारी स्वीकृत बिल्डिंग प्लान, अवैध निर्माण, ट्रेड लाइसेंस और फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम देखेंगे। इसके साथ ही पीने के पानी की गुणवत्ता, टॉयलेट व ड्रेनेज की सफाई, कचरा प्रबंधन व्यवस्था, सड़क-फुटपाथ पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से जुड़े नियमों की भी बारीकी से पड़ताल होगी।
होटल और रेस्टोरेंट की रसोई पर रहेगी विशेष नजर
होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में फूड सेफ्टी व हाइजीन की जांच की जाएगी। इसमें खाद्य सामग्री की स्टोरेज, तापमान, रसोई की स्वच्छता, कर्मचारियों की पर्सनल हाइजीन, साफ पानी और पेस्ट कंट्रोल शामिल हैं। एक्सपायर्ड सामग्री या मिलावट पाए जाने पर बिना किसी शिकायत का इंतजार किए तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।