टाइम मैगजीन की ‘TIME100 Next India’ सूची में वैभव सूर्यवंशी समेत नौ भारतीय खेल हस्तियां शामिल

Share

- Advertisement -

New Delhi News: भारत के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी, महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू समेत नौ भारतीय खेल हस्तियों को टाइम मैगजीन की प्रतिष्ठित ‘TIME100 Next India’ सूची में शामिल किया गया है। टाइम ने पहली बार भारत के लिए यह विशेष सूची जारी की है, जिसमें देश के भविष्य को आकार देने वाली प्रतिभाओं को स्थान मिला है।

भारत के उभरते क्रिकेट खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी, महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर, ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन और वेटलिफ्टर मीराबाई चानू समेत नौ भारतीय खिलाड़ियों को ‘TIME100 Next India’ की सूची में जगह दी गई है। टाइम मैगजीन ने पहली बार भारत के लिए यह सूची जारी की है। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में देश के भविष्य को प्रभावित करने वाले 100 असाधारण नेताओं और उभरती प्रतिभाओं को शामिल किया गया है।

इस प्रतिष्ठित सूची में विश्व चैंपियन शतरंज खिलाड़ी डी गुकेश, महिला 400 मीटर बाधा दौड़ की राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक विथ्या रामराज, एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता तीरंदाज कुमकुम मोहोड, भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता पूनिया और पूर्व टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा के नाम भी शामिल हैं।

कम उम्र में वैभव सूर्यवंशी के बड़े रिकॉर्ड

बिहार से ताल्लुक रखने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अपने छोटे से करियर में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। हाल ही में उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एक मुकाबले में बिहार की कप्तानी की और पुरुषों के शीर्ष स्तर के टी20 क्रिकेट में कप्तानी करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने।

इससे पहले जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल पदार्पण (डेब्यू) कर वे भारत के सबसे युवा पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बने थे। वर्ष 2025 में 14 वर्ष की आयु में राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में पदार्पण करके उन्होंने टूर्नामेंट के सबसे युवा खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक लगाकर वे पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने। इसके अलावा वे आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे।

हरमनप्रीत कौर की ऐतिहासिक उपलब्धियां

37 वर्षीय हरमनप्रीत कौर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर हैं। उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने वर्ष 2023 और 2025 में महिला प्रीमियर लीग (WPL) का खिताब जीता। फरवरी में भारत के लिए तीनों प्रारूपों को मिलाकर अपना 356वां मुकाबला खेलते हुए वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटर बनीं। वहीं, नवंबर 2025 में उन्होंने भारतीय महिला टीम को पहली बार वनडे विश्व कप का खिताब दिलाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की।

सविता पूनिया ने जताया आभार

36 वर्षीय गोलकीपर सविता पूनिया तीन बार ‘वर्ल्ड गोलकीपर ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार जीत चुकी हैं। वे टोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम का हिस्सा थीं और जापान में आयोजित 2026 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का भी प्रतिनिधित्व किया। सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए 321 मुकाबले खेल चुकीं सविता देश की सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली महिला हॉकी खिलाड़ी हैं।

इस सम्मान पर प्रतिक्रिया देते हुए सविता पूनिया ने कहा, “यह मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है। भारत के भविष्य में अलग-अलग तरीकों से योगदान देने वाली इतनी प्रेरणादायक हस्तियों के बीच जगह पाकर मैं खुद को गौरवान्वित और विनम्र महसूस कर रही हूं।”

मीराबाई, लवलीना और डी गुकेश भी सूची में

दिग्गज भारतीय वेटलिफ्टर और टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता 32 वर्षीय मीराबाई चानू के नाम एक विश्व चैंपियनशिप स्वर्ण और दो रजत पदक दर्ज हैं। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों (कॉमनवेल्थ गेम्स) में तीन स्वर्ण और एक रजत पदक जीता है। इस वर्ष की शुरुआत में जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई खेलों में उन्होंने रजत पदक जीतकर इस प्रतियोगिता में अपना पहला पदक हासिल किया।

टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन वर्ष 2023 में विश्व चैंपियन बनी थीं। वर्ष 2023 के हांगझोऊ एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली 29 वर्षीय लवलीना ने इस वर्ष आइची-नागोया एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, 20 वर्षीय डी गुकेश मौजूदा विश्व शतरंज चैंपियन हैं और इस महीने के अंत में उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ अपने विश्व खिताब का बचाव करेंगे।

सानिया मिर्जा और विथ्या रामराज को भी मिला स्थान

महिला टेनिस की दिग्गज खिलाड़ी 40 वर्षीय सानिया मिर्जा ने अपने करियर में छह ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं, जिनमें तीन महिला डबल्स और तीन मिक्स्ड डबल्स के खिताब शामिल हैं। दूसरी ओर, 28 वर्षीय एथलीट विथ्या रामराज ने सितंबर में जापान में आयोजित एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने के दौरान महिला 400 मीटर बाधा दौड़ में पीटी उषा का 42 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था। ‘TIME100 Next India’ की सूची में इन सभी खिलाड़ियों को स्थान मिलना भारतीय खेल जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Read more

Related News