Delhi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन कर देश लौटे भारतीय खिलाड़ियों से रविवार को मुलाकात की। पीएम मोदी ने सभी एथलीटों को उनकी ऐतिहासिक सफलताओं के लिए बधाई दी और देश का मान बढ़ाने के लिए उनकी जमकर तारीफ की ।
प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों के साथ हुई इस खास मुलाकात का एक छोटा वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘इंस्टाग्राम’ पर भी साझा किया। उन्होंने इस बैठक को बेहद यादगार बताया। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, “जो खेलेगा, वो खिलेगा। हमेशा भारत का हौसला बढ़ाइए।”
पीएम से मिलकर गद्गद हुईं मुक्केबाज साक्षी चौधरी
प्रधानमंत्री से मुलाकात करने वाले एथलीटों में स्टार महिला मुक्केबाज साक्षी चौधरी भी प्रमुखता से शामिल रहीं। साक्षी ने राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग में शानदार खेल दिखाते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
प्रधानमंत्री से मिलने के बाद साक्षी चौधरी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हमारे माननीय प्रधानमंत्री जी ने सभी पदक विजेताओं का बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी से मिलकर बहुत अच्छा लगा, वे स्वभाव से बेहद विनम्र हैं और उनके इस सम्मान से पूरे दल को गर्व महसूस हो रहा है ।
भारतीय खिलाड़ियों ने ग्लास्गो में जीते कुल 39 पदक
ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय एथलीटों ने अपना दबदबा कायम रखते हुए शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने प्रतियोगिता में कुल 39 पदक हासिल किए, जिनमें 13 स्वर्ण पदक शामिल थे। प्रधानमंत्री ने सभी विजेताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की ।
इन खेलों में भारत की मुक्केबाजी टीम का प्रदर्शन सबसे ज्यादा ऐतिहासिक और यादगार रहा। भारतीय मुक्केबाजों ने रिंग में बेहतरीन पंच दिखाते हुए रिकॉर्ड 10 पदक अपने नाम किए। साक्षी चौधरी समेत कुल सात भारतीय मुक्केबाजों ने प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता।
