Auckland News: न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने खुलासा किया है कि भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली के साथ हुई गहन बातचीत ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का फैसला लेने में मदद की। विलियमसन ने बताया कि करियर, कप्तानी और पारिवारिक जीवन में समान अनुभवों के कारण दोनों के बीच का संवाद उनके लिए बेहद अहम साबित हुआ।
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के अपने फैसले को लेकर बड़ा खुलासा किया है। विलियमसन ने बताया कि अपने 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहने से पहले उन्होंने भारतीय दिग्गज बल्लेबाज और अपने करीबी मित्र विराट कोहली से लंबी बातचीत की थी, जिसने उन्हें सही समय पर फैसला लेने में मदद की। विलियमसन ने इस साल की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।
बातचीत के बाद पत्नी से कहा- अब समय आ गया है
‘बिटवीन द टू बियर्स’ पॉडकास्ट में बात करते हुए केन विलियमसन ने बताया कि संन्यास की आधिकारिक घोषणा से पहले उन्होंने अपने कुछ सबसे करीबी और भरोसेमंद लोगों से सलाह ली थी, जिनमें विराट कोहली भी शामिल थे। संन्यास के ऐलान से ठीक एक दिन पहले दोनों दिग्गजों के बीच फोन पर विस्तृत चर्चा हुई थी।
विलियमसन ने कहा, “हमने खेल में लंबे समय तक साथ बिताए अपने अनुभवों को साझा किया। कोहली अब भी थोड़ा क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन उन्होंने भी अपने करियर में कई बड़े फैसले लिए हैं। हमारे मामले में कई समानताएं थीं। हमने लगभग समान समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला, अपनी-अपनी टीमों की कप्तानी की और लगभग एक ही समय में पिता भी बने।”
उन्होंने आगे बताया कि अलग-अलग देशों और परिवेश से आने के बावजूद उन दोनों के बीच एक खास रिश्ता रहा है। विलियमसन ने कहा, “हमने उन बातों पर भी खुलकर चर्चा की, जिन्हें आमतौर पर दूसरों से साझा करना आसान नहीं होता। जब हमारी बातचीत समाप्त हुई और मैंने फोन रखा, तभी मेरी पत्नी होटल के कमरे में आईं और मैंने उनसे कहा कि अब समय आ गया है।”
10 हजार रन का आंकड़ा कभी निजी लक्ष्य नहीं रहा
केन विलियमसन टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन के आंकड़े से चूक गए। उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 9,515 रन दर्ज हैं, जबकि टेस्ट से संन्यास ले चुके विराट कोहली के खाते में 9,230 रन हैं। विलियमसन ने वनडे प्रारूप में 7,256 रन और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 2,575 रन बनाए हैं।
10 हजार रन के मील के पत्थर पर बात करते हुए विलियमसन ने स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत रिकॉर्ड उनके खेलने की प्रेरणा कभी नहीं रहे। उन्होंने कहा, “आप इन आंकड़ों के लिए क्रिकेट नहीं खेलते। विराट ने बातचीत के दौरान एक बेहद अहम बात कही थी कि कभी-कभी खिलाड़ी केवल दर्शकों के लिए खेलने लगते हैं या किसी चीज को जबरन थामे रखने की कोशिश करते हैं, जबकि वह वजह खेल के प्रति आपके वास्तविक जुनून से नहीं जुड़ी होती।”