मोहम्मद सिराज के बाद अब शमी और सरफराज खान पर बोले इमरान मसूद, कहा- प्रदर्शन के आधार पर हो टीम में चयन

Share

- Advertisement -

New Delhi News: भारतीय क्रिकेट टीम में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के चयन को लेकर दिए गए बयान पर घिरे कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अब मोहम्मद शमी और सरफराज खान का नाम भी उठाया है। सिराज को धर्म के आधार पर निशाना बनाए जाने के आरोपों के बाद भाजपा के साथ-साथ अपनी ही पार्टी के नेताओं की आलोचना झेल रहे मसूद ने कहा है कि खिलाड़ियों का चयन केवल मेरिट और प्रदर्शन के आधार पर होना चाहिए।

सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान ने भारतीय राजनीति और क्रिकेट जगत में नया विवाद खड़ा कर दिया है। चौतरफा आलोचना के बावजूद मसूद अपने रुख पर कायम हैं और उन्होंने टीम इंडिया की चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।

शमी और सरफराज खान का किया जिक्र

समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में इमरान मसूद ने कहा कि टीम में खिलाड़ियों का चुनाव सिर्फ उनकी योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “मोहम्मद शमी भी हैं, सरफराज भी हैं, बहुत सारे नाम हैं। परफॉर्मेंस के हिसाब से होना चाहिए। परफॉर्मेंस अच्छी है तो यह नहीं देखा जाना चाहिए कि कौन कहां से है।”

इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में मोहम्मद सिराज को शामिल न किए जाने पर मसूद ने धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाया था। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा था, “उनका नाम सिराज है, क्या यही वजह काफी नहीं है? अगर वह अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और फिर भी उसे नहीं चुना जा रहा, तो इसके अलावा क्या कारण हो सकता है?”

कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने ही जताई असहमति

इमरान मसूद के इस बयान से खुद कांग्रेस के भीतर असहज स्थिति पैदा हो गई है और पार्टी नेताओं ने ही उनके बयान पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने मसूद के रुख से असहमति जताते हुए कहा कि क्रिकेट जैसे खेल में नफरत या धार्मिक बंटवारे के लिए कोई जगह नहीं है।

उन्होंने कहा कि जब हम टीम इंडिया की बात करते हैं, तो उसमें सबसे खास ‘इंडिया’ है और क्रिकेट को हमेशा राज्यों, धर्म या संस्कृति के नाम पर बंटने से दूर रखा गया है। पटेल ने कहा कि टूर्नामेंट और फॉर्म के हिसाब से सबसे बेहतर खिलाड़ियों की टीम चुनी जाती है, इसलिए देश में नफरत और बंटवारे का माहौल नहीं बनाया जाना चाहिए।

भाजपा और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का पलटवार

मसूद के बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी ने उन पर क्रिकेट में सांप्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि भारतीय टीम में खिलाड़ियों का चयन धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि प्रदर्शन और टीम की जरूरत के मुताबिक होता है।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी कांग्रेस सांसद के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि देश में किसी भी व्यक्ति को धर्म या जाति के आधार पर अवसरों से वंचित नहीं किया जाता है। रिजिजू ने स्पष्ट किया कि खेल में चयन केवल योग्यता के आधार पर होता है और ऐसे बयानों के जरिए समाज में विभाजन पैदा करने से बचना चाहिए।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News