Sports News: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 2026 हॉकी विश्व कप में शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर खेले गए पूल-डी के मुकाबले में भारत ने वेल्स को 3-1 से हराया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो और संजय ने एक गोल किया।
मैच के शुरुआती मिनटों से ही भारतीय टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबले के 8वें मिनट में संजय ने मिले पेनल्टी कॉर्नर को बेहतरीन गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके तुरंत बाद 11वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने एक और गोल दागकर बढ़त 2-0 कर दी।
मैदान पर भारतीय टीम का दबदबा और वेल्स की वापसी की कोशिश
हाफ टाइम तक भारतीय खिलाड़ियों ने विरोधी टीम पर दबाव बनाए रखा। मैच के तीसरे क्वार्टर में 43वें मिनट पर हरमनप्रीत सिंह ने शानदार पेनल्टी कॉर्नर से अपनी टीम का स्कोर 3-0 पहुंचाया। वेल्स के लिए 56वें मिनट में सैम वेल्श ने एक गोल करके वापसी की नाकाम कोशिश की।
इस शानदार जीत से भारतीय टीम ने पूल-डी में पूरे तीन अंक अपने नाम कर लिए हैं। इस ग्रुप में भारत और वेल्स के अलावा इंग्लैंड और पाकिस्तान की टीमें भी मौजूद हैं। भारतीय टीम अपना अगला मुकाबला 17 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ और 19 अगस्त को पाकिस्तान से खेलेगी।