Galle News: भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे गॉल टेस्ट मैच के चौथे दिन श्रीलंकाई क्रिकेटर दिनेश चांदीमल बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग के दौरान गंभीर रूप से चोटिल हो गए। चौका बचाने के प्रयास में डाइव लगाते समय उनकी गर्दन और कंधे में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा।
फील्डिंग के दौरान अचानक हुई इस घटना के बाद दिनेश चांदीमल मैदान पर ही दर्द से कराहते नजर आए। वे लगातार अपनी गर्दन और कंधे को पकड़े हुए थे। चोट की वजह से उन्हें तुरंत मैदान छोड़ना पड़ा। अगर मेडिकल जांच में चोट ज्यादा गंभीर पाई जाती है, तो श्रीलंका टीम उनके स्थान पर कन्कशन सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी की मांग कर सकती है।
यह वाकया भारतीय टीम की दूसरी पारी के चौथे ओवर में देखने को मिला। गेंदबाज केशरा नुवंता की बॉल पर केएल राहुल ने बैकवर्ड स्क्वायर लेग की दिशा में करारा शॉट खेला। गेंद काफी तेजी से बाउंड्री की तरफ जा रही थी। चांदीमल ने डाइव लगाकर चौका तो रोक लिया, लेकिन उनका पूरा शारीरिक भार कंधे और गर्दन पर आ गया।
भारत के खिलाफ इस टेस्ट मैच की पहली पारी में दिनेश चांदीमल का बल्ला पूरी तरह खामोश रहा था। वे महज 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। पहली पारी में उन्हें भारतीय स्पिनर मानव सुथार ने आउट किया था। सुथार की टर्न लेती गेंद पर चांदीमल गच्चा खा गए। रवींद्र जडेजा ने भी इस गेंद की तारीफ करते हुए इसे ड्रीम बॉल कहा था।
गॉल में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी मजबूत पकड़ बना रखी है। टीम इंडिया ने पहली पारी में 462 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। बारिश से प्रभावित मैच में भारतीय टीम ने तीसरे दिन सुबह तक बल्लेबाजी की थी। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम अपनी पहली पारी में 284 रनों पर ही सिमट गई।
श्रीलंका की तरफ से सोनल दिनुशा ने शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि निरोशन डिकवेला ने 80 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके बावजूद पूरी टीम पहली पारी में 284 रन ही बना सकी। इससे भारतीय टीम को पहली पारी के आधार पर 178 रनों की मजबूत और अहम बढ़त हासिल हो गई, जिससे भारत मैच में काफी आगे निकल गया है।