Nagpur News: रणजी ट्रॉफी 2026-27 के चौथे राउंड में विदर्भ के स्पिनर हर्ष दुबे ने मध्यप्रदेश के खिलाफ घातक गेंदबाजी करते हुए 53 रन देकर 9 विकेट चटकाए। हर्ष के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के चलते मध्यप्रदेश की पहली पारी 209 रन पर सिमट गई। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक विदर्भ ने भी 54 रन पर 4 विकेट गंवा दिए हैं।
रणजी ट्रॉफी 2026-27 के चौथे राउंड के पहले दिन विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जा रहे एलीट ग्रुप-ए मुकाबले में विदर्भ के बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे ने शानदार गेंदबाजी का मुजाहिरा किया। हर्ष की फिरकी के आगे मध्यप्रदेश का बल्लेबाजी क्रम टिक नहीं सका और पूरी टीम पहली पारी में 209 रन पर ढेर हो गई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे मध्यप्रदेश के कप्तान रजत पाटीदार का फैसला सही साबित नहीं हुआ।
विदर्भ को पहली सफलता तेज गेंदबाज नचिकेत भुते ने ओपनर यश दुबे को आउट करके दिलाई। इसके बाद हर्ष दुबे ने मोर्चा संभाला और मध्यक्रम से लेकर निचले क्रम तक के 9 बल्लेबाजों को एक-एक कर पवेलियन भेज दिया।
हर्ष दुबे ने फेंका करियर का सर्वश्रेष्ठ स्पेल
हर्ष दुबे ने 23.1 ओवर की गेंदबाजी में मात्र 53 रन खर्च कर 9 विकेट अपने नाम किए। उनके शिकार बने खिलाड़ियों में रजत पाटीदार और सारांश जैन जैसे प्रमुख नाम शामिल रहे। यह हर्ष के प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पूर्व उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नवंबर 2024 में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 36 रन देकर 6 विकेट था। इसके साथ ही यह विदर्भ की ओर से किसी भी गेंदबाज द्वारा रणजी ट्रॉफी की एक पारी में किया गया सर्वश्रेष्ठ बॉलिंग स्पेल भी बन गया है।
24 वर्षीय हर्ष दुबे लगातार घरेलू सत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन करते रहे हैं। उन्होंने 2024-25 के रणजी सीजन में 69 विकेट लेने के अलावा बल्ले से 476 रन भी बनाए थे। इस ऑलराउंड प्रदर्शन के आधार पर उन्हें मई 2026 में पहली बार भारतीय टीम में चुना गया, जहां उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे डेब्यू किया।
पहले दिन के खेल तक विदर्भ की स्थिति भी नाजुक
मध्यप्रदेश को सस्ते में समेटने के बावजूद पहले दिन का खेल समाप्त होने तक विदर्भ की शुरुआत भी काफी खराब रही। दिन का खेल खत्म होने तक विदर्भ की टीम ने पहली पारी में 54 रन के स्कोर पर अपने 4 विकेट गंवा दिए हैं।
सलामी बल्लेबाज सत्यम भोयर 8 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अमन मोखडे खाता भी नहीं खोल सके। रविकुमार समर्थ 17 रन बनाकर तेज गेंदबाज आवेश खान का शिकार बने और दानिश मलेवार बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। मध्यप्रदेश के लिए स्पिनर कुमार कार्तिकेय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके हैं। स्टंप्स के समय ध्रुव शोरे 21 रन और कप्तान अक्षय वाडकर 9 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।