2018 बॉल-टैम्परिंग विवाद पर उस्मान ख्वाजा के दावों से भड़के फैनी डिविलियर्स, कहा- खेल का सबसे बड़ा गद्दार

Share

- Advertisement -

New Delhi News: दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज फैनी डिविलियर्स ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की नई किताब ‘सब्र’ में 2018 के बॉल-टैम्परिंग विवाद से जुड़े दावों पर कड़ी नाराजगी जताई है। ख्वाजा ने दावा किया है कि केपटाउन टेस्ट में हुई इस घटना की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी, जिसके बाद डिविलियर्स ने उन्हें खेल का सबसे बड़ा गद्दार बताया है।

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज फैनी डिविलियर्स ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें खेल का ‘सबसे बड़ा गद्दार’ करार दिया है। यह विवाद ख्वाजा की नई किताब ‘सब्र’ के प्रकाशन के बाद शुरू हुआ है, जिसमें उन्होंने 2018 के केपटाउन बॉल-टैम्परिंग मामले (सैंडपेपरगेट) को लेकर कई बड़े दावे किए हैं। ख्वाजा ने अपनी किताब में लिखा है कि इस घटना की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी।

पर्थ स्थित एक एफएम चैनल से बातचीत करते हुए फैनी डिविलियर्स ने ख्वाजा की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, “मैं ऑन रिकॉर्ड कहना चाहता हूं कि ख्वाजा शायद सबसे बड़ा गद्दार है, जिसे मैंने पिछले 40-50 वर्षों में खेल खेलते हुए देखा है। उसने हर एक आचार संहिता (कोड ऑफ कंडक्ट) तोड़ी है, जिसके बारे में कोई सोच सकता है। उसने अपने साथी खिलाड़ियों को बेच दिया है।”

डिविलियर्स ने आगे कहा कि यह मामला सही या गलत का नहीं है, क्योंकि गलत को पहले ही सुलझाया जा चुका है और यह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के अतीत का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि ख्वाजा ने पुराने मुद्दे को फिर से उठाकर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को बदनाम किया है और टीम के भीतर की दोस्ती तथा अनुशासन को तोड़ा है।

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के बीच भी बंटी राय

उस्मान ख्वाजा की किताब सामने आने के बाद इस मुद्दे पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों के अलग-अलग बयान आए हैं, जिससे विवाद और गहरा गया है। 2018 के उस टेस्ट मैच का हिस्सा रहे पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने ख्वाजा के दावों का समर्थन किया है। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ख्वाजा के दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए बकवास बताया। तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने भी अपने पुराने रुख को दोहराते हुए ख्वाजा के दावों से असहमति जताई है।

कैमरन बैनक्रॉफ्ट के लेख से बढ़ी कमिंस की मुश्किलें

इस पूरे विवाद के केंद्र में रहे सलामी बल्लेबाज कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है। ‘द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन’ में प्रकाशित 4,497 शब्दों के एक लेख में बैनक्रॉफ्ट ने कहा कि यह बात झूठ है कि पैट कमिंस और टीम के अन्य सदस्यों को सैंडपेपरगेट मामले की जानकारी नहीं थी। बैनक्रॉफ्ट के इस बयान के बाद कप्तान पैट कमिंस पर दबाव बढ़ गया है।

साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में हुए इस बॉल-टैम्परिंग विवाद में तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उप-कप्तान डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को दोषी मानते हुए सजा दी गई थी। उस समय क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्मिथ और वॉर्नर पर 12-12 महीने का प्रतिबंध लगाया था, जबकि बैनक्रॉफ्ट पर 9 महीने का बैन लगाया गया था।

Read more

Related News