हिमाचल सरकार अक्टूबर में शिमला में आयोजित करेगी राज्य स्तरीय सम्मान समारोह, एशियाई खेलों के पदक विजेताओं को बांटेगी नौ करोड़ तीन लाख रुपये

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश सरकार 20वें एशियाई खेल के पदक विजेता हिमाचली खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए शिमला में भव्य ‘सम्मान समारोह’ आयोजित करेगी। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने जानकारी दी है कि इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन अक्टूबर माह में किया जाएगा, जहां पात्र खिलाड़ियों को कुल नौ करोड़ तीन लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

समारोह में हाल ही में संपन्न एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी टीम की सदस्य रितु नेगी, पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को एक-एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे। पुरुष मैराथन में रजत पदक विजेता सावन बरवाल को दो करोड़ 50 लाख रुपये और 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक विजेता सीमा कुमारी को एक करोड़ 50 लाख रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा।

क्रिकेट की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। इसके अलावा जूडो प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली खिलाड़ी ताखेलाम्बम इनुनगांबी को तीन लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। सरकार ने खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और बेहतर भविष्य के लिए खेल नीतियों में कई सकारात्मक संशोधन किए हैं।

मंत्रिमंडल की बैठक में अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली भारतीय टीमों के हिमाचली खिलाड़ियों के लिए नकद पुरस्कार नियमों में संशोधन को मंजूरी दी गई है। नए प्रावधानों के तहत टीम के सभी पात्र खिलाड़ियों के बीच पुरस्कार राशि समान रूप से बांटी जा सकेगी। प्रत्येक खिलाड़ी को व्यक्तिगत पदक विजेता के बराबर या कम से कम 25 प्रतिशत राशि सुनिश्चित की जाएगी।

प्रदेश सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी के विशेष पद सृजित करने को भी प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए लगातार नए फैसले ले रही है, ताकि प्रदेश का नाम राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मंच पर रोशन हो सके।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News