सीनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्रिया ठाकुर ने जीता कांस्य पदक, हमीरपुर पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश की होनहार एथलीट प्रिया ठाकुर ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है। दिल्ली में आयोजित सीनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 400 मीटर रेस में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया। हमीरपुर पहुंचने पर हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ और स्थानीय खिलाड़ियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता नरेंद्र अत्री ने प्रिया ठाकुर और उनके कोच अनिल शर्मा का अभिनंदन किया। अत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। सही मार्गदर्शन और उचित सुविधाएं मिलने पर यहां के खिलाड़ी हर स्तर पर देश का नाम रोशन करते हैं।

प्रिया ठाकुर ने इस साल जनवरी में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 400 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीता था। अब सीनियर नेशनल में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने दोबारा राज्य को गौरवान्वित किया है। यह शानदार सफलता प्रिया और उनके कोच की 10 वर्षों की कड़ी मेहनत का नतीजा है।

सम्मान समारोह के दौरान नरेंद्र अत्री ने एथलीट प्रिया और उनके कोच अनिल शर्मा को शॉल तथा टोपी पहनाकर सम्मानित किया। सीनियर एथलेटिक्स की तरफ से खिलाड़ी को 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। इस अवसर पर उपस्थित खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों के बीच लड्डू बांटकर खुशी जताई गई।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News