Sharjah News: अफगानिस्तान के 20 वर्षीय युवा ऑलराउंडर नसीर खान मरूफखिल ने मंगलवार को टेस्ट क्रिकेट के 149 साल के इतिहास में एक दुर्लभ कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। जिंबाब्वे के खिलाफ शारजाह क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में डेब्यू करते हुए नसीर ने शतक जड़ा और पांच-विकेट हॉल भी लिया। यह कारनामा करने वाले वे दुनिया के केवल दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।
13 से 17 नवंबर तक चले इस मुकाबले में बाएं हाथ के इस ऑलराउंडर ने गेंद और बल्ले दोनों से ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। नसीर ने मैच की पहली पारी में शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 विकेट झटके, जबकि दूसरी पारी में भी उन्होंने 2 विकेट हासिल किए।
बल्लेबाजी में नसीर ने पहली पारी में आठवें नंबर पर उतरकर 20 रनों का योगदान दिया। इसके बाद दूसरी पारी में उन्होंने धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 242 गेंदों का सामना किया और नाबाद 101 रन बनाकर अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया।
61 साल बाद दोहराया गया ब्रूस टेलर का रिकॉर्ड
टेस्ट क्रिकेट के डेढ़ सदी के इतिहास में डेब्यू मैच में अर्धशतक और पांच विकेट लेने वाले कई खिलाड़ी रहे हैं, लेकिन शतक के साथ पांच-विकेट हॉल (पंजा) लेने का कमाल नसीर से पहले केवल एक ही खिलाड़ी कर पाया था।
न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर ब्रूस टेलर ने वर्ष 1965 में कोलकाता के ईडन गार्डन में भारत के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट में यह रिकॉर्ड बनाया था। टेलर ने उस मैच में 105 रनों की शतकीय पारी खेली थी और भारत की पहली पारी में 86 रन देकर 5 विकेट भी चटकाए थे।
अफगानिस्तान के तीसरे बल्लेबाज बने नसीर
नसीर खान मरूफखिल टेस्ट डेब्यू पर शतक लगाने वाले अफगानिस्तान के तीसरे बल्लेबाज भी बन गए हैं। उनसे पहले अफगानिस्तान के लिए यह उपलब्धि इस्मात आलम और हाल ही में जिंबाब्वे के खिलाफ डेब्यू करने वाले रहमानुल्लाह ने हासिल की थी।
हालांकि, नसीर का यह ऐतिहासिक हरफनमौला प्रदर्शन अफगानिस्तान को हार से नहीं बचा सका। जिंबाब्वे ने इस मुकाबले में 57 रनों से जीत दर्ज की और इसके साथ ही दो मैचों की टेस्ट सीरीज पर 1-0 से कब्जा जमा लिया।