पश्चिम एशिया में बढ़ा युद्ध का दायरा: ईरान ने कुवैत, बहरीन और जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों को बनाया निशाना

Share

- Advertisement -

West Asia News: पश्चिम एशिया में जारी सैन्य संघर्ष का दायरा एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है। ईरान ने कुवैत, बहरीन और जॉर्डन में अमेरिकी बलों को निशाना बनाकर हमले किए हैं। ईरानी सेना का दावा है कि यह कार्रवाई होर्मुज स्ट्रेट स्थित केशम द्वीप पर हुए अमेरिकी हवाई हमले के जवाब में की गई है, हालांकि कुवैत और बहरीन ने इन ईरानी हमलों को नाकाम करने का दावा किया है।

केशम द्वीप पर हमले के जवाब में ईरान की कार्रवाई

ईरानी सेना के अनुसार, उसने बीती रात कुवैत के अली अल सलेम सैन्य अड्डे पर स्थित अमेरिकी ड्रोन और मिसाइल ठिकानों को निशाना बनाया। सितंबर के बाद अमेरिका के इस सहयोगी खाड़ी देश पर तेहरान का यह पहला हमला है। इसके साथ ही ईरान ने बहरीन और जॉर्डन में भी अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए।

इससे पहले मंगलवार शाम अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने होर्मुज स्ट्रेट में स्थित ईरान के केशम द्वीप पर हवाई हमला किया था। एक अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने बताया कि इस कार्रवाई में केशम द्वीप स्थित एक मिसाइल लॉन्चिंग स्थल को निशाना बनाया गया, जो अमेरिकी ठिकानों पर ईरानी हमलों के जवाब में किया गया था। वहीं, ईरानी मीडिया ने एक अधिकारी के हवाले से दावा किया कि अमेरिकी हमले में बुनियादी ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

कुवैत और बहरीन ने किया हमले नाकाम करने का दावा

दूसरी ओर, कुवैत और बहरीन ने ईरानी हमलों को विफल करने का दावा किया है। बहरीन ने कहा कि उसने बुधवार को एक सप्ताह के भीतर तीसरी बार ईरानी हवाई हमलों को नाकाम किया है। उल्लेखनीय है कि अमेरिकी नौसेना का पांचवां बेड़ा बहरीन में ही तैनात है।

ताजा सैन्य कार्रवाइयों के बीच ईरानी सेना के कमांडर-इन-चीफ आमिर हातमी ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है। सरकारी मीडिया द्वारा बुधवार को जारी एक वीडियो में हातमी ने कहा, “अगर दुश्मन गलती दोहराता है तो हमारे पास उसका और उसके समर्थकों को करारा जवाब देने और मुकाबला करने की पूरी तैयारी है।” इन घटनाक्रमों से स्पष्ट है कि क्षेत्र में युद्ध समाप्त कराने के कूटनीतिक प्रयास फिलहाल कारगर साबित नहीं हो रहे हैं।

वाशिंगटन पर हमले की आशंका को मार्को रूबियो ने किया खारिज

इस बीच, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें वाशिंगटन पर तत्काल किसी हमले का कोई खतरा नजर नहीं आ रहा है। रूबियो ने यह प्रतिक्रिया सीएनएन की उस रिपोर्ट से जुड़े सवाल पर दी, जिसमें अमेरिकी खुफिया अधिकारियों के हवाले से दावा किया गया था कि ईरान ने अमेरिकी राजधानी वाशिंगटन को निशाना बनाने के लिए ‘डर्टी बम’ या रासायनिक हथियार से हमले की योजना तैयार की है।

अमेरिकी नौसेना ने स्वीकारा- युद्ध में हुआ एक्सपायर हथियारों का इस्तेमाल

उधर, इस संघर्ष के बीच अमेरिकी हथियारों के भंडार को लेकर भी नए सवाल खड़े हो गए हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी नौसेना के कार्यवाहक सेक्रेटरी हंग काओ ने मंगलवार को सीनेट की सशस्त्र सेवा समिति के समक्ष स्वीकार किया कि ईरान के साथ युद्ध के दौरान टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों सहित कई एक्सपायर हो चुके हथियारों का इस्तेमाल किया गया है। इस खुलासे के बाद अमेरिकी सेना के पास हथियारों की उपलब्धता और कमी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News