बाबा रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री के बीच विवाद खत्म, दोनों ने एक-दूसरे को बताया पूज्य

Share

- Advertisement -

Madhya Pradesh News: योग गुरु बाबा रामदेव और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच चल रहा विवाद आपसी बातचीत के बाद समाप्त हो गया है। रामदेव ने स्वीकार किया कि आवेश में उन्होंने कुछ कठोर शब्द कह दिए थे। वहीं, शास्त्री ने रामदेव को अपना बड़ा, संरक्षक और पूज्य बताया।

स्वामी रामदेव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर विवाद खत्म होने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि उनके अनुज प्रिय और पूज्य बागेश्वर बाबा से बातचीत हुई है और अब सारा विवाद समाप्त हो गया है। रामदेव ने स्वीकार किया कि आवेश में उन्होंने कुछ ज्यादा कठोर शब्दों का इस्तेमाल कर लिया था। उन्होंने इसे दोनों के बीच का आपसी मामला बताते हुए दूसरों को इसमें हस्तक्षेप नहीं करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके या बागेश्वर बाबा के भक्तों को एक-दूसरे के खिलाफ गाली-गलौज नहीं करनी चाहिए। उन्होंने सनातन धर्म की जय का उद्घोष भी किया।

धीरेंद्र शास्त्री ने रामदेव को बताया अभिभावक

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वे संतों पर प्रतिक्रिया नहीं देते हैं। स्वामी रामदेव उनके वरिष्ठ हैं और उन्होंने हमेशा उन्हें स्नेह दिया है। वे बाबा रामदेव को अपना अभिभावक मानते हैं। धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि चार दिन पहले स्वामी रामदेव ने एक मंच से उनकी काफी प्रशंसा भी की थी। उन्होंने कहा कि वे आलोचना और प्रशंसा दोनों को सहजता से स्वीकार करते हैं। संतों के प्रति उनके मन में किसी तरह का अनादर नहीं है।

इस टिप्पणी से शुरू हुआ था विवाद

दोनों संतों के बीच विवाद की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण पर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी के बाद हुई थी। उन्होंने भगवान राम से तुलना करते हुए भगवान श्रीकृष्ण को ‘टेढ़ा-मेढ़ा’ कहा था। इस टिप्पणी पर स्वामी रामदेव ने सार्वजनिक मंच से नाराजगी जताई थी और धीरेंद्र शास्त्री को ‘ढोंगी’ तक कह दिया था। इसके बाद दोनों संतों के बीच बयानबाजी शुरू हो गई थी।

रामदेव ने मंगलवार को बताया कि उन्होंने शास्त्री से दो बातें कहीं थीं — देवी-देवताओं की तुलना और अपमान से उन्हें ठेस पहुंची थी, और सनातन धर्म को अंधविश्वास या पाखंड से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। दोनों की बातचीत के बाद विवाद खत्म होने की घोषणा हुई।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News