Bilaspur News: विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी में शारदीय नवरात्र के मौके पर आस्था की अनोखी तस्वीर देखने को मिली। माता के दरबार में मन्नत पूरी होने पर दिल्ली के एक कारोबारी ने सोने के आभूषणों का सेट भेंट किया है। इस विशेष चढ़ावे से माता रानी का श्रृंगार किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
दिल्ली निवासी कारोबारी प्रवेश गर्ग अपने परिवार संग नवरात्र पर मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मनोकामना पूरी होने पर मां के चरणों में सोने का हार, माथे का टीका, झुमके, नथ और सोने के नेत्र अर्पित किए। परिवार ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया और शीश नवाया।
भक्त की अटूट आस्था का प्रतीक है यह स्वर्णिम भेंट
मंदिर के पुजारी रिंकू शर्मा ने बताया कि कारोबारी की माता के प्रति गहरी आस्था है। जब भक्तों की मुरादें पूरी होती हैं, तो वे अपनी नेक कमाई से मां के चरणों में चढ़ावा अर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि यह सोने का आभूषण केवल एक साधारण भेंट नहीं, बल्कि भक्त के अटूट विश्वास का सजीव उदाहरण है।
मंदिर न्यास ने भी कारोबारी द्वारा परिवार सहित किए गए दर्शन और स्वर्ण भेंट की आधिकारिक पुष्टि की है। न्यास के अनुसार शारदीय नवरात्र के दौरान देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु मां के दरबार पहुंच रहे हैं। भक्त अपनी सामर्थ्य के अनुसार चढ़ावा चढ़ाकर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।