Haridwar News: जेल से रिहा होने के बाद अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने एक बार फिर पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उनकी पुत्री दीपिका राठौर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने प्रशासन और जेल व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। इसी बीच, उत्तराखंड क्रांति दल (डेमोक्रेटिक) ने उर्मिला सनावर को आगामी चुनावों के लिए हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है।
जेल से बाहर आने के बाद उर्मिला सनावर ने मीडिया के समक्ष अपनी बात रखी। उन्होंने पारिवारिक और कानूनी विवादों का जिक्र करते हुए नाराजगी जाहिर की। उर्मिला ने कहा कि यदि सुरेश राठौर उनके पति हैं, तो रिश्ते के लिहाज से दीपिका राठौर उनकी बेटी हुईं, लेकिन उन्होंने हमेशा सौतेला व्यवहार किया।
जेल व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल
उर्मिला सनावर ने कारागार के भीतर की परिस्थितियों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जेल के भीतर कई ‘अंकिता भंडारी’ मौजूद हैं, जो विभिन्न परिस्थितियों से जूझ रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से ही इस बात का अहसास था कि सच के रास्ते पर चलने पर कठिनाइयां आएंगी, लेकिन वे इन मुश्किलों से पीछे हटने वाली नहीं हैं।
उर्मिला ने यह भी टिप्पणी की कि इस पूरे घटनाक्रम और विवाद ने उन्हें उत्तराखंड में एक चर्चित चेहरा बना दिया है। इसके साथ ही उन्होंने संघर्ष के दौरान साथ देने वाले समर्थकों और उत्तराखंड क्रांति दल के नेताओं का आभार व्यक्त किया।
यूकेडी ने दिया चुनाव लड़ने का प्रस्ताव
इस बीच, उत्तराखंड क्रांति दल (डेमोक्रेटिक) की ओर से अभिनेत्री को चुनावी मैदान में उतारने की पेशकश की गई है। पार्टी नेता आशुतोष नेगी ने उर्मिला सनावर को ज्वालापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का औपचारिक ऑफर दिया है।
आशुतोष नेगी और अन्य यूकेडी नेताओं ने कहा कि विरोधियों द्वारा उन पर पहाड़ और मैदान के नाम पर राजनीति करने और समाज को बांटने का आरोप लगाया जाता है, लेकिन पहाड़ के हितों और मुद्दों की आवाज उनकी मैदानी बहन उर्मिला मजबूती से उठा रही हैं।