यूपी विधान परिषद चुनाव: मतदाता सूची में ‘राम ने यादव को मारा’ जैसे अजीब नाम, सॉफ्टवेयर ट्रांसलेशन की गड़बड़ी पर आयोग की सफाई

Share

- Advertisement -

Prayagraj News: उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव की मतदाता सूची में अजीबोगरीब प्रविष्टियां सामने आने के बाद निर्वाचन आयोग को सफाई जारी करनी पड़ी है। मतदाता सूची में नाम के स्थान पर ‘राम ने यादव को मारा’ और पिता के नाम पर ‘बी.कॉम’ दर्ज मिलने से विवाद खड़ा हो गया।

यह मामला इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में शुक्रवार को 11 सीटों पर मतदान से ठीक पहले सामने आया। सोशल मीडिया पर गलत प्रविष्टियों की सूची वायरल होने के बाद आयोग ने संज्ञान लिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि 14.81 लाख प्रविष्टियों में से 158 में ऐसी विसंगतियां पाई गई हैं।

सॉफ्टवेयर की गलत ट्रांसलेशन और मानवीय भूल से हुई चूक

अधिकारियों के मुताबिक, राज्य में पहली बार स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदाता सूची पूरी तरह डिजिटल माध्यम से बनाई गई थी। चुनाव कार्यालय की आईटी टीम द्वारा तैयार सॉफ्टवेयर में नामों का लिप्यंतरण (ट्रांसलिट्रेशन) होना था, लेकिन सिस्टम ने अंग्रेजी शब्दों का सीधा हिंदी अनुवाद (ट्रांसलेशन) कर दिया।

उदाहरण के लिए, ‘रामहित यादव’ को स्पेस की गलती से ‘राम हिट यादव’ पढ़े जाने पर सॉफ्टवेयर ने उसे ‘राम ने यादव को मारा’ में बदल दिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पिता के नाम की जगह ‘बी.कॉम’ दर्ज होना मानवीय लापरवाही का नतीजा है, जिसे संपादन के दौरान सुधारा नहीं जा सका।

पात्र मतदाताओं को वोट डालने से रोकने पर डीएम होंगे जिम्मेदार

राजनीतिक दलों की शिकायत के बाद झांसी मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे की जांच में भी इन गलतियों की पुष्टि हुई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि छपाई या तकनीकी त्रुटि की वजह से किसी भी पात्र मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित न किया जाए।

मतदान केंद्रों पर पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आवश्यक पहचान दस्तावेजों की पड़ताल कर वास्तविक मतदाताओं को वोट डालने की अनुमति दें। आयोग ने स्पष्ट किया कि यदि तकनीकी खामी के चलते किसी योग्य मतदाता को वोट देने से रोका गया, तो इसके लिए संबंधित जिलाधिकारी सीधे जिम्मेदार होंगे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News