Delhi News: ग्रामीण विकास मंत्रालय आज 25 नवंबर को राष्ट्रीय लैंगिक अभियान ‘नई चेतना-पहल बदलाव की’ के पांचवें संस्करण की शुरुआत करेगा। अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस पर शुरू हो रहा यह महीने भर का अभियान 23 दिसंबर तक देशभर में चलेगा और इसका संचालन दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत किया जाएगा।
केंद्रीय ग्रामीण विकास और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज दोपहर दो बजे नई दिल्ली के पूसा स्थित भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम सभागार, एनएएससी परिसर में अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान भी मौजूद रहेंगे।
इस वर्ष अभियान की थीम ‘फ्रॉम एक्सेस टू एजेंसी: एंपावरिंग वीमेन थ्रू लाइवलीहुड्स एंड इक्वल ऑपर्च्युनिटीज फॉर ए विकसित भारत’ रखी गई है। इसका मकसद महिलाओं की आजीविका, संसाधनों तक पहुंच, सुरक्षित आवाजाही और स्वतंत्र फैसले लेने की क्षमता को मजबूत करना है।
अभियान के चार मुख्य क्षेत्र
नई चेतना 5.0 में महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को केंद्र में रखा गया है। इसके चार परस्पर जुड़े क्षेत्र हैं — महिलाओं को आर्थिक योगदानकर्ता के रूप में पहचान देना, संपत्ति पर उनके अधिकार और नियंत्रण को मजबूत करना, सुरक्षित आवाजाही को बढ़ावा देना और बिना वेतन वाले देखभाल के काम का समान बंटवारा।
नई चेतना अभियान की शुरुआत 2022 में हुई थी। यह दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत चलाया जाने वाला एक राष्ट्रव्यापी, समुदाय आधारित वार्षिक अभियान है, जिसका मकसद लैंगिक हिंसा से निपटना, भेदभावपूर्ण सामाजिक मान्यताओं को चुनौती देना और लैंगिक समानता को बढ़ावा देना है।
15 मंत्रालयों की साझा सलाह और हिंसा मुक्त गांव पहल
शुभारंभ के मौके पर 15 मंत्रालयों और विभागों की संयुक्त अंतर-मंत्रालयी सलाह जारी की जाएगी, ताकि सरकारी योजनाओं और संस्थागत व्यवस्थाओं को अभियान के लक्ष्यों से जोड़ा जा सके। इसके साथ ही ग्रामीण विकास मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, न्याय विभाग और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के बीच हिंसा मुक्त गांव पहल पर चार पक्षों का समझौता ज्ञापन भी जारी किया जाएगा।
अभियान में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों, संकुल स्तरीय संघों, लैंगिक संसाधन केंद्रों और अन्य सामुदायिक संस्थानों को जोड़ा जाएगा। इस दौरान नए लैंगिक संसाधन केंद्र भी शुरू किए जाएंगे, जहां महिलाएं सेवाओं, हकदारी, सहायता व्यवस्था और शिकायत निवारण की जानकारी पा सकेंगी। शुभारंभ के मौके पर नई चेतना 4.0 की आकलन रिपोर्ट भी जारी की जाएगी।
अभियान के दौरान पुरुषों, लड़कों और युवाओं को भी भेदभावपूर्ण मान्यताओं को चुनौती देने और समानता व साझा जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।