Baghpat News: बागपत के बीपी इंटर कॉलेज बिजवाड़ा में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। यहां दो शिक्षक 14 और सात साल से बिना विद्यालय आए नियमित रूप से वेतन ले रहे थे। कॉलेज के ही एक शिक्षक की शिकायत पर हुई जांच में यह मामला सच पाया गया। डीआईओएस ने दोनों को निलंबित कर बर्खास्तगी के निर्देश दिए हैं।
इस फर्जीवाड़े को सामने लाए शिक्षक सुभाष चंद्र, वह बीपी इंटर कॉलेज बिजवाड़ा में तैनात हैं। उन्होंने करीब एक माह पहले शिक्षा अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत की थी कि उनके कॉलेज के शिक्षक परमजीत सिंह और शिक्षिका चेतना सक्सेना लंबे समय से बगैर ड्यूटी किए वेतन ले रहे हैं। डीआईओएस राजीव कुमार यादव ने इस मामले की जीआईसी के प्रधानाचार्य अंतरिक्ष कुमार के नेतृत्व में गठित कमेटी से जांच कराई।
डीआईओएस के मुताबिक जांच में सामने आया कि शिक्षक परमजीत सिंह की नियुक्ति मृतक आश्रित कोटे से वर्ष 2012 में हुई थी, जबकि शिक्षिका चेतना सक्सेना की नियुक्ति उ.प्र. शिक्षा सेवा चयन आयोग से वर्ष 2017 में हुई थी। गजब बात यह है कि नियुक्ति के दिन से आज तक दोनों ही विद्यालय नहीं आए।
हैरतजनक यह है कि दोनों शिक्षकों को उसी दिन से नियमित रूप से वेतन जारी हो रहा है। परमजीत 14 साल से और चेतना सात साल से घर बैठे तनख्वाह ले रहे थे। सवाल यह है कि वेतन की प्रक्रिया कई अफसरों की टेबल से गुजरती है, लेकिन इतना लंबा समय गुजरने के बाद इस पर किसी की नजर नहीं पड़ी।
प्रधानाचार्य, प्रबंधक की संस्तुति के साथ ही सहायक वित्त लेखाधिकारी, डीआईओएस और कोषागार की मुहर लगने के बाद ही कॉलेज स्टाफ का वेतन जारी होता है। यह पूरा मामला सामने आने के बाद कॉलेज से लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय तक खलबली मची हुई है।
डीआईओएस राजीव कुमार यादव ने बताया कि दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। प्रबंधक निर्भय सिंह को दोनों को बर्खास्त करने के लिए निर्देशित किया है। शिक्षकों से वेतन के रूप में निकाली गई धनराशि की वसूली करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। दोनों शिक्षकों पर वेतनमान के रूप में करोड़ों की धनराशि बैठ रही है।
जांच हुई तो शिक्षिका ने भिजवा दिया इस्तीफा
फर्जीवाड़े की जांच हुई तो शिक्षिका चेतना सक्सेना ने कॉलेज में अपना इस्तीफा भिजवा दिया है। जांच अधिकारी ने प्रकरण की जांच में पाया था कि उक्त शिक्षिका मेरठ में कोचिंग सेंटर संचालित करती हैं।