Lucknow/New Delhi News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे पर चर्चा से पहले कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने आज नई दिल्ली में बैठक की। मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई इस बैठक से पूर्व यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि गठबंधन 2024 के सफल फॉर्मूले और साझा प्रचार के साथ सभी 403 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगा।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीट बंटवारे को लेकर रणनीति तय करने के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की आज नई दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक हो रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर आयोजित इस बैठक में पार्टी के भीतर सीट शेयरिंग के मुद्दे पर मंथन किया जा रहा है। इस बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और उत्तर प्रदेश कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना शामिल हुए। जानकारी के अनुसार, कल 17 नवंबर को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच इस विषय पर औपचारिक बैठक प्रस्तावित है।
सीट बंटवारे और गठबंधन पर क्या बोलीं आराधना मिश्रा मोना?
कांग्रेस की बैठक से पहले न्यूज़18 से बातचीत में यूपी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने सीटों के बंटवारे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल लड़ने के लिए नहीं, बल्कि जीतने और सरकार बनाने के लिए लड़ा जाता है।
आराधना मिश्रा मोना ने आगे कहा, ‘इसमें कोई रॉकेट साइंस नहीं है। आज हम होमवर्क करेंगे और अब तक जो बात हुई है, वह दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व के बीच हुई है। आज से हम भी इस प्रक्रिया में शामिल होंगे और जो भी तय होगा, वह दोनों दलों के लिए सम्मानजनक होगा।’
2024 के फॉर्मूले और साझा प्रचार पर रहेगा जोर
कल होने वाली बैठक के संदर्भ में आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि सपा के साथ यह पहली औपचारिक बैठक सीटों की संख्या तय करने और गठबंधन को मजबूत बनाने के लिए है। उन्होंने कहा कि गठबंधन को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती से चुनाव लड़ना है।
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार, जिन सीटों पर समाजवादी पार्टी चुनाव लड़ेगी, वहां कांग्रेस पूरी ताकत से उनके साथ खड़ी रहेगी और जहां कांग्रेस चुनाव लड़ेगी, वहां सपा पूरा सहयोग देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2024 का फॉर्मूला पहले ही सफल रहा है और पार्टी उसी तर्ज पर आगे भी चुनाव लड़ेगी, जिसमें 2024 की तरह साझा चुनावी प्रचार भी शामिल होगा।
असदुद्दीन ओवैसी पर दिया बयान
एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी से जुड़े एक सवाल के जवाब में आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि ओवैसी को चुनाव के समय ही पीड़ा क्यों समझ आती है और चुनाव आते ही वे गठबंधन बना लेते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में ओवैसी की पार्टी को आधा प्रतिशत वोट ही मिले थे। मोना ने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार अवश्य बनेगी।
अखिलेश यादव ने क्या कहा था?
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में एक मीडिया संस्थान को दिए साक्षात्कार में कहा था कि कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग की गई है। अखिलेश यादव ने यह भी कहा था कि उन्होंने और समाजवादी पार्टी ने यह तय कर लिया है कि कुल 403 विधानसभा सीटों में से पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, और इस बार इंडिया गठबंधन मिलकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को हराएगा।