लखनऊ: स्नैपचैट हैक कर महिला कर्मी की अश्लील तस्वीरें बनाईं, परिजनों को भेजकर दी वायरल करने की धमकी

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पीजीआई और सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्रों में सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं की तस्वीरें एडिट कर ब्लैकमेल और बदनाम करने के दो मामले सामने आए हैं। पीजीआई क्षेत्र में एक युवक पर महिला स्वास्थ्यकर्मी का स्नैपचैट अकाउंट हैक करने का आरोप है, जबकि सुशांत गोल्फ सिटी में फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर तस्वीरें वायरल की गईं। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत बिहार निवासी महिला कर्मी को जबरन रिश्ता बनाने का दबाव ठुकराने पर ब्लैकमेल किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने दिल्ली निवासी विशाल नामक युवक पर उसका सोशल मीडिया अकाउंट हैक करने और अश्लील तस्वीरें बनाकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

स्नैपचैट हैक कर परिजनों को भेजीं एडिटेड तस्वीरें

पीड़िता के अनुसार, आरोपी विशाल ने 30 अक्टूबर को उसका स्नैपचैट अकाउंट हैक कर निजी तस्वीरें हासिल कर ली थीं। जब महिला कर्मी ने उसके द्वारा बनाए जा रहे जबरन रिश्ते के दबाव का विरोध किया, तो आरोपी ने उन तस्वीरों को एडिट कर अश्लील रूप दे दिया। इसके बाद आरोपी ने ये तस्वीरें पीड़िता के माता-पिता और भाई को भेज दीं।

महिला कर्मी का आरोप है कि अब आरोपी इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार परेशान कर रहा है। इस घटना के बाद से पीड़िता दहशत में है और उसे घर से अस्पताल आने-जाने में भी डर लग रहा है। पीड़िता ने 31 अक्टूबर को पीजीआई थाने में मामले की सूचना दी थी। इसके बाद 12 नवंबर को साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

सुशांत गोल्फ सिटी में फर्जी फेसबुक आईडी से बदनाम करने का आरोप

दूसरा मामला लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र का है, जहां फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर दो महिलाओं की एडिट की गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की शिकायत दर्ज की गई है। पीड़ित नरेंद्र कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोसाईंगंज के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) ऋषभ कुमार यादव ने बताया कि नरेंद्र कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि एक युवती ने फेसबुक पर ‘प्रिया सिंह’ के नाम से फर्जी आईडी बनाई है। इसी आईडी के माध्यम से उनकी और एक अन्य महिला की तस्वीरों को एडिट कर स्टोरी और पोस्ट के जरिए वायरल किया जा रहा है, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है।

फर्जी दस्तावेजों से सिम हासिल करने की आशंका

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी युवती कथित तौर पर अन्य लोगों के आधार कार्ड और दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी सिम कार्ड हासिल करती है। इन्हीं नंबरों के जरिए कई व्हाट्सएप और सोशल मीडिया अकाउंट संचालित किए जा रहे हैं। इस प्रकरण में हजरतगंज स्थित साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई गई थी। साइबर सेल की ओर से मामले की जांच रिपोर्ट संबंधित थाने को ऑनलाइन भेज दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News