सुन्नी के विकास को मिलेगी रफ्तार, 25 करोड़ की पेयजल योजना एक महीने में जनता को होगी समर्पित: विक्रमादित्य सिंह

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सुन्नी क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से बन रही पेयजल योजना का 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसे एक महीने में जनता को सौंप दिया जाएगा।

नगर पंचायत सुन्नी के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने याद दिलाया कि हाल ही में सिराज के केलबागड़ी में 18 करोड़ रुपये की पेयजल योजना का उद्घाटन कर लोगों को पानी की समस्या से राहत दी गई है।

सुन्नी को मिलेंगी 10 नई इलेक्ट्रिक बसें और पार्किंग सुविधा

क्षेत्र में आवागमन सुगम बनाने के लिए सुन्नी बस डिपो को 10 नई इलेक्ट्रिक बसें दी जा रही हैं। इसके अलावा सुन्नी-लूहरी सड़क मार्ग को चौड़ा और सुरक्षित बनाने के लिए एचपी रेड्डी परियोजना के तहत 30 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इससे यात्रियों का लंबा और कठिन सफर बेहद आसान हो जाएगा।

मंत्री ने बताया कि क्षतिग्रस्त थली पुल की मरम्मत के लिए 10 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं और काम तेजी से चल रहा है। सुन्नी में गंदे पानी की निकासी के लिए 2 करोड़ की सीवरेज परियोजना के टेंडर जारी हो चुके हैं। साथ ही केंद्र सरकार के सहयोग से 25 करोड़ रुपये की लागत वाली बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण होगा।

हनुमान मंदिर के पास एक वातानुकूलित (एसी) लाइब्रेरी का निर्माण भी प्रगति पर है। इस दौरान कांग्रेस नेता हरी कृष्ण हिमराल, पंचायत समिति अध्यक्षा कौशल्या और एसडीएम राजेश वर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम से पहले विक्रमादित्य सिंह ने विश्राम गृह में जनसमस्याएं सुनीं और सुन्नी बाजार में शांतिपूर्ण सामाजिक मार्च में हिस्सा भी लिया।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News