किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना पर छह राज्यों के बीच दिल्ली में होगा ऐतिहासिक समझौता, गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में लगेगी मुहर

Share

- Advertisement -

New Delhi News: देश की बेहद महत्वपूर्ण 660 मेगावाट की किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना के निर्माण को लेकर नई दिल्ली में 15 सितंबर को बड़ा कदम उठाया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित अहम बैठक में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के बीच ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

नई दिल्ली के जनपथ स्थित कर्तव्य भवन-03 में दोपहर 12 से एक बजे तक समझौता हस्ताक्षर समारोह आयोजित होगा। हिमाचल प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह, ऊर्जा और सतर्कता आरडी नजीम इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। वह परियोजना में प्रदेश के जल और बिजली हितों को मजबूती से केंद्र के समक्ष रखेंगे।

पंद्रह हजार करोड़ की लागत से बनेगा विशाल जल भंडारण केंद्र

करीब 15 हजार करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली किशाऊ परियोजना की कुल जल भंडारण क्षमता 1,324 मिलियन घन मीटर आंकी गई है। ऊपरी यमुना बेसिन में प्रस्तावित इस प्रोजेक्ट से जल भंडारण के साथ बिजली उत्पादन होगा। राज्यों के बीच आधिकारिक सहमति बनने के बाद निर्माण की आगामी प्रक्रिया बेहद तेज रफ्तार पकड़ेगी।

दिल्ली और राजस्थान को मिलेगा पानी और वहन करेंगे खर्च

परियोजना के तहत हिमाचल के हिस्से का पानी दिल्ली और राजस्थान को दिया जाएगा। इसके बदले दोनों राज्य हिमाचल के पावर कंपोनेंट की लागत में वित्तीय योगदान देंगे। हिमाचल और उत्तराखंड को वाटर कंपोनेंट का कोई खर्च नहीं उठाना पड़ेगा, जिससे पर्वतीय राज्यों के प्राकृतिक संसाधनों और आर्थिक हितों की पूरी सुरक्षा होगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News