सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का बीजेपी विधायक सुधीर शर्मा पर हमला, आय के सभी स्रोत सार्वजनिक करने की उठाई मांग

Share

- Advertisement -

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा विधायक सुधीर शर्मा पर तीखा राजनीतिक हमला किया है। उन्होंने पूर्व मंत्री को अपनी आय के सभी स्रोत सार्वजनिक करने की चुनौती दी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आय से अधिक संपत्ति मिलने पर सरकार उसे जब्त कर गरीबों में बांटेगी।

सीएम सुक्खू बोले- मेरी संपत्ति 20 साल पहले जैसी ही है

चंबा में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह किसी भी एजेंसी से जांच कराने को तैयार हैं। सुक्खू ने कहा कि जो संपत्ति उनके पास 20 साल पहले थी, आज भी लगभग उतनी ही है। उन्होंने कभी गलत तरीके से संपत्ति नहीं बनाई, इसलिए उन्हें किसी जांच का कोई डर नहीं है।

सुक्खू ने सवाल उठाया कि अगर सुधीर शर्मा बेदाग हैं, तो वह जांच एजेंसियों का सामना करने से क्यों हिचक रहे हैं। जब संबंधित एजेंसी जांच के लिए पहुंची थी, तो उसे अंदर जाने से क्यों रोका गया। मुख्यमंत्री ने मांग की कि सुधीर शर्मा अपनी संपत्ति, आय के स्रोत और मकान निर्माण के दस्तावेज सार्वजनिक करें।

अवैध संपत्ति जुटाने वालों के खिलाफ होगी निष्पक्ष जांच

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। सरकार किसी व्यक्ति को राजनीतिक दुर्भावना से निशाना नहीं बना रही है। इसका मकसद केवल सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और जवाबदेही तय करना है, ताकि जनता का भरोसा जनप्रतिनिधियों पर बना रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी ने अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित की है, तो उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। निर्दोष व्यक्ति को हमेशा जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग देना चाहिए। जनप्रतिनिधियों की असली ताकत पारदर्शिता ही होती है, इसलिए सभी को अपनी संपत्ति की सही जानकारी सामने रखनी चाहिए।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News