Jaipur News: जयपुर में कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि राजस्थान के पंचायत चुनाव के नतीजे भाजपा सरकार के कामकाज पर जनता की मुहर हैं। पिछले तीन साल में सरकार अपने वादे पूरे करने में नाकाम रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस को 796 जिला परिषद सीटें मिलीं, जबकि भाजपा 359 सीटों पर सिमट गई।
बुधवार को जयपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पायलट ने कहा कि पंचायत चुनाव के नतीजे ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार के प्रति बढ़ती नाराजगी को दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का डबल इंजन मॉडल पूरी तरह फेल साबित हुआ है और लोग अब सरकार से उसके वादों का हिसाब मांग रहे हैं। जनता ने अपने जनादेश से सरकार के कामकाज को नकार दिया है और पूरे देश को एक संदेश दिया है।
पायलट ने चुनाव के आंकड़े बताते हुए कहा कि 37 जिलों की जिला परिषद सीटों में कांग्रेस ने 796 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 359 सीटें मिलीं। पंचायत समिति चुनाव में भी कांग्रेस भाजपा से आगे रही। कुल 7,543 वार्डों में से कांग्रेस ने 3,772 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा के खाते में 2,218 सीटें आईं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा और इसका श्रेय कार्यकर्ताओं से लेकर वरिष्ठ नेताओं तक सभी को जाता है।
बेरोजगारी, पेपर लीक और भ्रष्टाचार पर निशाना
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने बेरोजगारी, पेपर लीक, बिगड़ती कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के वादे पर खरी नहीं उतरी। भाजपा ने चार लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं कर पाई। पायलट ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता और अधिकारी मिलकर आम लोगों का शोषण कर रहे हैं और सरकार को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।
जिला प्रमुख चुनाव पर भी बोले पायलट
बुधवार को प्रदेश की 37 जिला परिषदों में जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर पायलट ने कहा कि जिन जिलों में कांग्रेस के पास बहुमत है, वहां पार्टी के उम्मीदवार जिला प्रमुख चुने जाएंगे। नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य अपने जिला प्रमुख का चुनाव कर रहे हैं और कांग्रेस सभी बहुमत वाली जिला परिषदों में अपने बोर्ड बनाने की कोशिश करेगी। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जिला प्रमुख चुनाव में भी दबाव और प्रलोभन की राजनीति कर रही है और नवनिर्वाचित सदस्यों को प्रभावित करने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए जा रहे हैं। जनता के जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए, न कि उसे प्रभावित करने की कोशिश होनी चाहिए।
पायलट ने पिछले नगरीय निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए भाजपा पर प्रशासन और पुलिस के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले हुए निकाय चुनावों में कांग्रेस पार्षदों को मतदान करने से रोकने की कोशिश की गई थी और पुलिस व प्रशासन का इस्तेमाल कर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित किया गया। इसके बावजूद शहरी क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस के बीच वोट शेयर का अंतर एक प्रतिशत से भी कम रहा था, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस को भाजपा के मुकाबले करीब पांच प्रतिशत अधिक वोट मिले हैं।