Delhi News: दिल्ली के ओखला से आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान ने माना है कि उनके विधानसभा क्षेत्र में अतिक्रमण और गंदगी से बुरा हाल है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर इलाके की समस्याएं दिखाईं और ऐलान किया कि वह खुद झाड़ू लेकर सड़क पर उतरेंगे तथा पुलिस और नगर निगम के साथ मिलकर अतिक्रमण हटवाएंगे।
तीन बार के विधायक अमानतुल्लाह खान ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक वीडियो साझा किया है। इसमें उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र की दिक्कतें बताईं और दुर्दशा दिखाने वाली तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने कहा कि ओखला इस समय बहुत बुरे हालात से गुजर रहा है और इलाके में चलना और रहना मुश्किल हो गया है।
विधायक ने कहा कि गलियों और सड़कों पर गंदगी का बुरा हाल है, अतिक्रमण फैला हुआ है, अवैध पार्किंग होती है और ट्रैफिक जाम रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि जगह-जगह खंभों पर तारों का जमघटा लगा है। उन्होंने अपने दफ्तर के रास्ते पर भी अतिक्रमण होने की बात स्वीकार की और कहा कि गंदगी की पहली तस्वीर उसी जगह की है, जहां वह रहते हैं।
इलाके-दर-इलाके बताई समस्याएं
अमानतुल्लाह खान ने कई तस्वीरों के साथ अलग-अलग इलाकों की समस्याएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि जाकिर नगर से बाटला हाउस तक अतिक्रमण और गंदगी का बुरा हाल है और नफीज रोड की हालत भी खराब है। मुरादी रोड पूरी तरह व्यावसायिक हो गया है और वहां से निकलना मुश्किल हो गया है। जामिया मेट्रो स्टेशन के नीचे का हाल भी उन्होंने खराब बताया।
उन्होंने कहा कि जामिया थाने से शाहीनबाग तक की सड़क पर मैकेनिकों ने कब्जा कर लिया है और वहां जगह-जगह कूड़ा पड़ा है तथा पार्किंग होती है। जामिया शाहीनबाग थाने से अल्लमा शिवली रोड, जो उनके दफ्तर की तरफ जाता है, उसकी दोनों तरफ पार्किंग है और कूड़ा पड़ा है। गाड़ियां खड़ी होने की वजह से कूड़ा साफ नहीं हो पाता है।
विधायक ने कहा कि 40 फुटा रोड पर होटल वालों और ठेले वालों ने दोनों तरफ से कब्जा कर लिया है। कालिंदी कुंज रोड पर मिलने वाली 6 नवंबर रोड का हाल उन्होंने सबसे बुरा बताया। उन्होंने कहा कि पूरे इलाके में गंदगी की यही स्थिति है।
खुद सड़क पर उतरने का ऐलान
अमानतुल्लाह खान ने ऐलान किया कि वह कल से अपनी पूरी टीम के साथ झाड़ू हाथ में लेकर सड़क पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि वह झाड़ू लगाने का काम करेंगे, अतिक्रमण भी साफ करेंगे और पुलिस तथा नगर निगम को भी साथ लेंगे। गड्ढे भरने, टूटी सड़कें बनवाने और जहां सीसीटीवी नहीं है, वहां सीसीटीवी लगवाने का काम भी उन्होंने करने की बात कही। उन्होंने कहा कि वह यह काम स्थायी तौर पर करेंगे और इसमें लोगों का साथ चाहिए।
विधायक ने कहा कि पुलिस और नगर निगम अतिक्रमण हटाते हैं, लेकिन लोग फिर कब्जा कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम के कर्मचारी सड़क साफ करके जाते हैं और उनके गए 10 मिनट भी नहीं होते कि फिर वही हाल हो जाता है। उन्होंने कहा कि लोग समझते हैं कि सारा काम नेता करेंगे, यह ठीक नहीं है और लोगों को भी जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी।
उन्होंने दुकानदारों, होटल संचालकों और कार मालिकों से कहा कि अगर उनकी वजह से लोग परेशान हो रहे हैं तो अल्लाह उनसे खुश नहीं होगा। उन्होंने कहा कि लोगों को परेशान करके किए जा रहे कारोबार के जायज या नाजायज होने के बारे में उलेमा से पूछा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिसके पास गाड़ी खड़ी करने की जगह नहीं है, उसे या तो गाड़ी बेच देनी चाहिए या उसके लिए जमीन खरीदनी चाहिए।
सूत्र खबर के अनुसार, अमानतुल्लाह खान दिल्ली में आम आदमी पार्टी का प्रमुख मुस्लिम चेहरा हैं और 2025 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की लहर के बावजूद अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे थे।